Dainik Samrat Logo
🔗
💬 WhatsApp 📘 Facebook 🐦 Twitter
25 मई 2026
Epaper

ईरान ने कहा- अपना हाईली एनरिच्ड यूरेनियम भंडार अमेरिका को नहीं सौंपेगा, समझौते में परमाणु मुद्दा नहीं

ईरान ने कहा- अपना हाईली एनरिच्ड यूरेनियम भंडार अमेरिका को नहीं सौंपेगा, समझौते में परमाणु मुद्दा नहीं
ईरान ने कहा- अपना हाईली एनरिच्ड यूरेनियम भंडार अमेरिका को नहीं सौंपेगा, समझौते में परमाणु मुद्दा नहीं

ईरान ने साफ कर दिया है कि वह अपना हाईली एनरिच्ड यूरेनियम भंडार अमेरिका को नहीं सौंपेगा। रॉयटर्स के मुताबिक, एक सीनियर ईरानी अधिकारी ने कहा है कि मौजूदा शुरुआती समझौते में परमाणु मुद्दा शामिल ही नहीं है।

सूत्र के मुताबिक, ईरान के परमाणु कार्यक्रम और यूरेनियम भंडार पर बातचीत बाद में अंतिम समझौते के दौरान होगी। फिलहाल ऐसा कोई फैसला नहीं हुआ है कि यूरेनियम देश से बाहर भेजा जाएगा।

इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कल कहा था कि अमेरिका ईरान को हाईली एनरिच्ड यूरेनियम रखने नहीं देगा। उन्होंने कहा था कि हम उसे हासिल करेंगे, इसे ईरान को नहीं रखने देंगे।

हाल के दिनों में कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि ईरान अपना यूरेनियम भंडार छोड़ने को तैयार हो गया है। हालांकि अब ईरानी पक्ष ने इन खबरों को खारिज कर दिया है।
 

  1. अमेरिका ईमानदार नहीं- ईरानी संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाघेर गालिबाफ ने आसिम मुनीर से मुलाकात में कहा कि अमेरिका ईमानदारी नहीं दिखा रहा, ईरान अपने अधिकारों पर समझौता नहीं करेगा।
  2. ईरान वार्ता में इजराइल की भूमिका घटी- न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक ट्रम्प सरकार ने ईरान वार्ता में इजराइल की भूमिका सीमित कर दी, जिससे प्रधानमंत्री नेतन्याहू को बड़ा राजनीतिक झटका लगा।
  3. ट्रम्प की बेटी को हत्या की धमकी- FBI ने इवांका ट्रम्प को कथित हत्या की धमकी देने वाले इराकी नागरिक मोहम्मद बाकेर साद दाऊद अल-सादी को गिरफ्तार किया है।
  4. अमेरिका बढ़ा-चढ़ा बात कर रहा- रूसी अधिकारी मिखाइल उल्यानोव ने कहा कि अमेरिका ईरान वार्ता का डेवलपमेंट बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रहा, जबकि असली हालात उतने सकारात्मक नहीं हैं।
  5. भारत में पेट्रोल-डीजल फिर महंगा- मिडिल ईस्ट संकट और क्रूड ऑयल महंगा होने से भारत में पेट्रोल-डीजल कीमतें फिर बढ़ीं, दिल्ली में पेट्रोल ₹99.51 और डीजल ₹92.49 पहुंचा।

रिपोर्ट- ईरान का अमेरिका को यूरेनियम सौंपने से इनकार

रिपोर्ट- ईरान एनरिच्ड यूरेनियम सौंपने को अभी तैयार नहीं एक सीनियर ईरानी अधिकारी ने रॉयटर्स से कहा है कि तेहरान ने अपने एनरिच्ड यूरेनियम को सौंपने पर सहमति नहीं दी है। अधिकारी के मुताबिक ईरान का परमाणु कार्यक्रम अभी अमेरिका के साथ शुरुआती समझौते का हिस्सा नहीं है।

उन्होंने कहा कि परमाणु मुद्दे पर अंतिम समझौते के लिए आगे बातचीत होगी, इसलिए यह मौजूदा डील में शामिल नहीं है। यह बयान ऐसे समय आया है जब न्यूयॉर्क टाइम्स ने अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से दावा किया था कि ईरान यूरेनियम छोड़ने पर सहमत हो गया है।

हालांकि रिपोर्ट में कहा गया था कि इसे कैसे और किस प्रक्रिया के तहत हटाया जाएगा, इसका फैसला बाद की बातचीत में किया जाएगा।

वहीं एक्सियोस की रिपोर्ट के मुताबिक मसौदा समझौते में ईरान ने परमाणु हथियार नहीं बनाने का वादा किया है। साथ ही यूरेनियम प्रोग्राम को रोकने और एनरिच्ड यूरेनियम को हटाने पर बातचीत करने की बात भी शामिल है।

मसौदे में एक-दूसरे पर हमला नहीं करने का वादा

ईरानी न्यूज एजेंसी फार्स के मुताबिक अमेरिका और ईरान के बीच तैयार हो रहे समझौते के मसौदे में कहा गया है कि US और इजराइल ईरान या उसके समर्थक समूहों पर हमला नहीं करेंगे। इसके बदले ईरान भी US और इजराइल पर पहले हमला नहीं करने का वादा करेगा।

वहीं एक्सियोस की रिपोर्ट के मुताबिक इस समझौते में यह भी साफ किया गया है कि इजराइल और हिजबुल्लाह के बीच चल रहा संघर्ष खत्म किया जाएगा। रिपोर्ट में कहा गया है कि अगर हिजबुल्लाह फिर से हमला करता है या हमले की शुरुआत करता है, तो इजराइल को जवाबी कार्रवाई करने की अनुमति होगी।

अमेरिकी विदेश मंत्री बोले- कुछ घंटे में बड़ा ऐलान संभव

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि कुछ घंटे में ईरान को लेकर और बड़ी जानकारी सामने आ सकती है। नई दिल्ली में भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में रुबियो ने कहा कि अमेरिका चाहता है कि ईरान कभी परमाणु हथियार हासिल न कर सके।

रुबियो ने होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों को निशाना बनाने की ईरान की धमकियों की भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय कानून के खिलाफ है।

उन्होंने कहा, “होर्मुज स्ट्रेट किसी एक देश की संपत्ति नहीं है। यह दुनिया का अंतरराष्ट्रीय समुद्री रास्ता है। ईरान वहां से गुजरने वाले कारोबारी जहाजों को नुकसान पहुंचाने की धमकी दे रहा है।”

रुबियो ने चेतावनी दी कि अगर इसे सामान्य मान लिया तो यह आगे के लिए बेहद खतरनाक मिसाल बन जाएगी।

ईरानी राष्ट्रपति बोले- सुप्रीम लीडर की मंजूरी के बिना कोई फैसला नहीं लेंगे

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पजशकियान ने कहा कि ईरान में कोई भी बड़ा फैसला सुप्रीम लीडर की मंजूरी के बिना नहीं लिया जाएगा। न्यूज एजेंसी तसनीम के मुताबिक उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा और सेना से जुड़े बड़े फैसले सिर्फ वही परिषद ले सकती है जो ईरान की राष्ट्रीय सुरक्षा मामलों को संभालती है।

भारत बोला- हम एनर्जी मार्केट में स्थिरता चाहते हैं

होर्मुज को लेकर बढ़ते तनाव के बीच भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा है कि भारत चाहता है कि दुनिया में तेल और गैस की सप्लाई नॉर्मल बनी रहे और बाजार में स्थिरता रहे।

नई दिल्ली में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के साथ बातचीत के बाद जयशंकर ने कहा कि तेल और गैस की कीमतें बाजार के हिसाब से तय होनी चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि भारत आगे भी अलग-अलग देशों से सही कीमत पर तेल और ऊर्जा खरीदता रहेगा, ताकि किसी एक देश पर ज्यादा निर्भर न रहना पड़े।

ईरान समझौते के समर्थन में तुर्किये, कहा- हर मदद को तैयार

तुर्किये के राष्ट्रपति एर्दोगान ने कहा है कि ईरान के साथ संभावित समझौते को लागू करने में उनका देश हर तरह की मदद देने के लिए तैयार है। एर्दोगान ने यह बात अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और मिडिल ईस्ट के कई नेताओं के साथ हुई फोन बातचीत के दौरान कही।

तुर्किये के राष्ट्रपति कार्यालय के मुताबिक, एर्दोगान ने कहा कि अगर होर्मुज में जहाजों की आवाजाही सामान्य होती है, तो इससे पूरे क्षेत्र में स्थिरता बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि इस कदम से ग्लोबल अर्थव्यवस्था को भी बड़ी राहत मिल सकती है, क्योंकि दुनिया के बड़े हिस्से का तेल व्यापार इसी समुद्री रास्ते से होता है।