दुनिया के 100 सबसे गर्म शहरों में रविवार को भारत के 97 शहर शामिल हैं। प्राइवेट एजेंसी AQI.in के मुताबिक टॉप 10 सबसे गर्म शहरों में यूपी के 6 शहर हैं, जहां दोपहर 2 बजे 48°C तापमान दर्ज हुआ। इनमें प्रयागराज सबसे ऊपर रहा।
यूपी, मध्य प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, बिहार, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना, उत्तराखंड, हरियाणा और महाराष्ट्र के 37 शहरों में तापमान 47°C दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 26 और 27 मई को तापमान और बढ़ सकता है।
इससे पहले शनिवार को महाराष्ट्र का ब्रह्मपुरी 47.1°C तापमान के साथ लगातार दूसरे दिन देश में सबसे गर्म शहर रहा। तेलंगाना के 7 जिलों में हीटस्ट्रोक के कारण इस गर्मी सीजन में 16 लोगों की मौत हो चुकी है।
मौसम विभाग ने तेलंगाना के हैदराबाद, रंगारेड्डी, करीमनगर, खम्मम, नलगोंडा, सूर्यपेट, मुलुगु, महबूबनगर में 26 मई तक हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। लोगों को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।
बद्रीनाथ धाम के पास कंचन गंगा ग्लेशियर टूटा
उत्तराखंड के चमोली में बद्रीनाथ धाम के पास रविवार सुबह कंचन गंगा में ग्लेशियर टूट गया। कुबेर पर्वत की तरफ से अचानक सफेद धूल और बर्फ का बड़ा गुबार उठता दिखा। इसके बाद पत्थर और मलबा तेजी से नीचे आता नजर आया। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
राहत की बात यह रही कि मलबा सड़क या आबादी वाले हिस्से तक नहीं पहुंचा। प्रशासन के अनुसार, चारधाम यात्रा, बद्रीनाथ हाईवे और स्थानीय जनजीवन पर इसका कोई असर नहीं पड़ा है।

ग्लेशियर टूटने के बाद बर्फ के टुकड़े पत्थरों के साथ नीचे गिरते नजर आए।
अगले दो दिन के मौसम का हाल
25 मई:
- दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में गर्मी और हीटवेव का असर रहेगा; आसमान साफ और धूप तेज रहेगी।
- वहीं, केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु जैसे दक्षिणी राज्यों और असम, मेघालय में बारिश और बिजली के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
26 मई:
- हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, राजस्थान, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश में हीटवेव चलने की संभावना है। पश्चिम बंगाल और ओडिशा में उमस भरी गर्मी परेशान करेगी।
- अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, बिहार, केरल, लक्षद्वीप, तमिलनाडु समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट है। बिहार में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। आंध्र प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, तेलंगाना, कर्नाटक, बंगाल में गरज के साथ तूफान का अलर्ट है।