दैनिक सम्राट संवाददाता
दूदू/जयपुर (हंसराज लाखीवाल)। ज्येष्ठ शुक्ल पक्ष दूज के पावन अवसर पर दूदू स्थित महर्षि खींवण पीठ स्मृति स्थल एवं अलख आश्रम में महर्षि खींवण जी महाराज की मूर्ति अनावरण, कलश स्थापना एवं विशाल सामाजिक सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दूर-दराज क्षेत्रों से आए हजारों श्रद्धालुओं, समाज बंधुओं एवं संत-महात्माओं ने भाग लेकर आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।
समारोह में राजस्थान के उपमुख्यमंत्री प्रेम चंद बैरवा एवं केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा को और बढ़ा दिया। दोनों अतिथियों ने समाज की एकता, शिक्षा, सामाजिक जागरूकता एवं धार्मिक स्थलों के विकास को समाज के उत्थान के लिए महत्वपूर्ण बताया।
समारोह स्थल पर धार्मिक आस्था और लोक संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला। समाज के विद्वान पंडित आचार्य प्रकाश ऋषि महाराज फुलेरा के नेतृत्व में नौ सहयोगियों द्वारा वैदिक विधि-विधान से विशाल हवन सम्पन्न कराया गया, जिसमें लगभग सौ दंपत्तियों ने आहुतियां देकर धार्मिक अनुष्ठान में भाग लिया।
भीषण गर्मी के बावजूद आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए उत्कृष्ट व्यवस्थाएं की गई थीं। समारोह स्थल पर बड़े-बड़े डेजर्ट कूलर, शीतल पेयजल, वाहन पार्किंग तथा विशाल डोम की व्यवस्था आकर्षण का केंद्र रही। सामाजिक सम्मेलन हेतु लगाए गए दो बड़े एलईडी स्क्रीन एवं सुसज्जित मंच ने कार्यक्रम की भव्यता को और बढ़ा दिया।
श्रद्धालुओं ने नवनिर्मित महर्षि खींवण पीठ स्मृति स्थल एवं गर्भगृह में स्थित प्राचीन अलख चरण के दर्शन किए। मंदिर परिसर की सजावट, शिखर निर्माण एवं स्वर्ण कलश की व्यवस्था ने लोगों को विशेष रूप से आकर्षित किया।
समारोह स्थल पर लगातार प्रसाद भंडारे का आयोजन चलता रहा, जहां सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भोजन प्रसादी ग्रहण की। स्वयंसेवकों द्वारा श्रद्धापूर्वक भोजन परोसने की सेवा सराहनीय रही। पारंपरिक लकड़ी की भट्टियों पर तैयार हो रहे भोजन की सुगंध और व्यवस्था ने ग्रामीण संस्कृति की झलक प्रस्तुत की।
कार्यक्रम के दौरान शहनाई वादकों ने मधुर धुनों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। शोभायात्रा एवं कलश यात्रा की तैयारियों के बीच महर्षि खींवण जी महाराज एवं आचार्य गरीब साहेब के जयघोष निरंतर गूंजते रहे। प्रशासन, पुलिस एवं फायर ब्रिगेड की माकूल व्यवस्था भी पूरे आयोजन के दौरान देखने को मिली।
समाजजनों ने इस आयोजन की सफलता का श्रेय महर्षि खींवण पीठ अलख आश्रम के पीठाधीश महर्षि गोविन्द दास जी महाराज को दिया, जिनके नेतृत्व में इस धार्मिक स्थल का विकास तेजी से हुआ है। श्रद्धालुओं का मानना है कि आज यह स्थान धार्मिक आस्था, सामाजिक चेतना एवं पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनकर उभर रहा है।
उल्लेखनीय है कि आश्रम परिसर में भविष्य में लाइब्रेरी एवं शिक्षा भवन निर्माण की भी कार्ययोजना प्रस्तावित है। आयोजन समिति, महर्षि खींवण जी महाराज सेवा संस्थान, महर्षि खींवण सेवा दल दूदू एवं समस्त बलाई समाज सकल पंचों के सहयोग को समाजजनों ने सराहनीय बताया।
महर्षि खींवण पीठ स्मृति स्थल एवं अलख आश्रम दूदू में भव्य धार्मिक एवं सामाजिक सम्मेलन सम्पन्न
महर्षि खींवण पीठ स्मृति स्थल एवं अलख आश्रम दूदू में भव्य धार्मिक एवं सामाजिक सम्मेलन सम्पन्न