4 दिनों में तीसरी घटना, सूरौठ थाना पुलिस की कार्य शैली पर खड़े हो रहे सवाल, रात्रि गश्त पर भी संदेह
दैनिक सम्राट संवाददाता
हिण्डौन सिटी (ओमप्रकाश सुमन)।सूरौठ थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत जटनंगला स्थित अटल सेवा केंद्र में एक बार फिर चोरों ने रात के अंधेरे में वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने सोमवार रात को मुख्य द्वार का चैनल गेट और कार्यालय के ताले तोडक़र अंदर प्रवेश किया और लाखों रुपये कीमत का सामान चोरी कर फरार हो गए। इस घटना से क्षेत्र में पहले से मौजूद असुरक्षा की भावना और बढ़ गई है। ग्राम विकास अधिकारी ईतन शर्मा ने बताया कि चोर कार्यालय में लगे एयर कंडीशनर, इन्वर्टर, बैटरी, मोटर स्टार्टर, कुर्सियां और अन्य महत्वपूर्ण सामग्री चुरा ले गए। सुबह ड्यूटी पर पहुंचे कर्मचारियों को जब इस घटना का पता चला तो उन्होंने तुरंत सूचना दी। ग्राम विकास अधिकारी की सूचना पर सूरौठ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के इलाकों में छानबीन कर रही है।
पहले भी हो चुकी है अटल सेवा केंद्र में चोरी: ग्राम विकास अधिकारी ने बताया कि अटल सेवा केंद्र में करीब 6 माह पहले भी चोरी की वारदात हो चुकी है। तब चोर इन्वर्टर चोरी कर ले गए, थे उसे समय भी मामले में पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
चार दिनों में तीसरी चोरी की वारदात: बीते चार दिनों में सूरौठ थाना क्षेत्र में यह तीसरी चोरी की वारदात है। जानकारी के अनुसार 14 मई को सूरौठ में सर्राफा व्यापारी विनोद गोयल की दुकान में चोरी हुई थी, जिसमें चोर लाखों रुपए के सोना चांदी के आभूषण और नदी चुरा कर ले गए थे। जबकि 17 मई को बंजारा का नगला में दो सगे भाइयों के अलग-अलग घरों में चोर जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर गए।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि पुलिस की रात्रि गश्त नाकाफी साबित हो रही है।
लगातार घटनाएं बढ़ा रही चिंता: यह घटना इसलिए भी गंभीर मानी जा रही है क्योंकि जटनंगला का अटल सेवा केंद्र सरकारी सुविधाएं प्रदान करने वाला केंद्र है। यहां आम जनता सरकारी योजनाओं, दस्तावेजों और अन्य सेवाओं के लिए आती है। ऐसे केंद्र में बार-बार चोरी होना न सिर्फ सरकारी संपत्ति की सुरक्षा पर सवाल उठाता है बल्कि आम नागरिकों के विश्वास को भी प्रभावित करता है। करीब 6 महीने पहले इसी केंद्र से इन्वर्टर चोरी हो चुका था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई या सुरक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं दिखा। बीते चार दिनों में सूरौठ थाना क्षेत्र में यह तीसरी चोरी है, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने, सीसीटीवी कैमरे लगवाने और चोरों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस कर रही जांच: सूरौठ थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। फिंगर प्रिंट और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे जल्द ही चोरों तक पहुंचने का प्रयास करेंगे। हालांकि, स्थानीय लोगों का आरोप है कि ऐसी घटनाएं बार-बार हो रही हैं, लेकिन अपराधियों पर अंकुश नहीं लग पा रहा। क्षेत्रवासी अब प्रशासन से तुरंत प्रभावी कदम उठाने की अपील कर रहे हैं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लग सके।