इंडियन आर्मी में नीरज चोपड़ा बने लेफ्टिनेंट कर्नल, राजनाथ सिंह और थल सेना प्रमुख ने प्रदान की मानद उपाधि

इंडियन आर्मी में नीरज चोपड़ा बने लेफ्टिनेंट कर्नल, राजनाथ सिंह और थल सेना प्रमुख ने प्रदान की मानद उपाधि

दो बार ओलंपिक खेलों में भारत का नाम रोशन करने वाले भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा को इंडियन आर्मी में अब एक बड़ा ओहदा मिला है। अभी तक उनको सम्मान के तौर पर जूनियर कमीशन्ड अधिकारी (JCO) का पद दिया गया था, लेकिन अब से वे लेफ्टिनेंट कर्नल कहलाए जाएंगे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और थल सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी की उपस्थिति में नीरज चोपड़ा को बुधवार 22 अक्टूबर को भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल की मानद उपाधि प्रदान की गई।


भारत के राजपत्र के अनुसार, यह नियुक्ति 16 अप्रैल से प्रभावी हुई। नीरज 26 अगस्त, 2016 को नायब सूबेदार के पद पर एक जूनियर कमीशंड अधिकारी के रूप में भारतीय सेना में शामिल हुए थे। दो साल बाद, एथलेटिक्स में उनके प्रदर्शन के लिए उन्हें अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया और फिर 2021 में खेल के क्षेत्र में उनके प्रदर्शन के लिए उन्हें खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

 

नीरज चोपड़ा को 2021 में सूबेदार के पद पर भी प्रमोट किया गया। टोक्यो 2020 ओलंपिक में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतने के बाद, 27 वर्षीय भारतीय एथलीट को 2022 में भारतीय सेना द्वारा परम विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया। उन्हें 2022 में सूबेदार मेजर के पद पर प्रमोट किया गया और उसी वर्ष, भारतीय भाला फेंक के इस दिग्गज को भारत के चौथे सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार, पद्म श्री से भी सम्मानित किया गया।

 

ओलंपिक गेम्स 2020 में गोल्ड मेडल उन्होंने हासिल किया था। इससे पहले 2018 में इनडोनेशिया में एशियाई गेम्स में उनको गोल्ड मेडल मिला था। 2024 के ओलंपिक खेलों में नीरज चोपड़ा को सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा था। पाकिस्तान अरशद नदीम ने गोल्ड मेडल जीता था। इसके अलावा भी कई और बड़े मेडल उनके नाम दर्ज है। वर्ल्ड चैंपियनशिप में भी वे गोल्ड मेडल जीत चुके हैं। हालांकि, इस साल उनका प्रदर्शन चोट के कारण अच्छा नहीं था।

2 weeks, 3 days ago देश