नई दिल्ली। रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा है कि भारत मिडिल ईस्ट में जारी तनाव को कम कराने में अहम भूमिका निभा सकता है। नई दिल्ली में ब्रिक्स देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होने पहुंचे लावरोव ने कहा कि भारत अपने बड़े कूटनीतिक अनुभव और वैश्विक छवि के कारण ईरान और अरब देशों के बीच बातचीत कराने के लिए उपयुक्त देश हो सकता है।
लावरोव ने कहा कि पाकिस्तान फिलहाल अमेरिका और ईरान के बीच जरूरी मुद्दों पर बातचीत स्थापित करने में मदद कर रहा है, लेकिन लंबे समय के लिए ईरान और उसके अरब पड़ोसियों के बीच मध्यस्थ की भूमिका भारत निभा सकता है। उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी यूएई की यात्रा पर हैं।
रूसी विदेश मंत्री का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और रूसी तथा ईरानी तेल पर अमेरिकी प्रतिबंधों को लेकर दुनिया भर में चिंता बढ़ी हुई है।
ब्रिक्स अध्यक्ष होने के नाते भारत की भूमिका
सर्गेई लावरोव ने कहा कि भारत इस समय ब्रिक्स का अध्यक्ष है और वह दुनिया के बड़े ऊर्जा उपभोक्ता देशों में शामिल है। इसलिए क्षेत्र में स्थिरता बनाए रखना भारत के सीधे हित में है। उन्होंने कहा कि हाल में ईरान द्वारा यूएई पर किए गए हमलों के बाद भारत दोनों देशों को बातचीत की मेज पर ला सकता है। लावरोव ने कहा कि भारत चाहे तो ईरान और यूएई के बीच संवाद शुरू कराने में मदद कर सकता है।
रूस को है भारत पर भरोसा, कही बड़ी बात, भारत ही करा सकता है ईरान-यूएई में बातचीत, निकल सकता है हल
रूस को है भारत पर भरोसा, कही बड़ी बात, भारत ही करा सकता है ईरान-यूएई में बातचीत, निकल सकता है हल