राजकोट में एमबीबीएस स्टूडेंट ट्रेन के आगे कूदा, मौत
जैसलमेर के एमबीबीएस स्टूडेंट ने राजकोट (गुजरात) में ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। वह राजकोट के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में एमबीबीएस के अंतिम वर्ष के छात्र थे। बताया जा रहा है कि इस स्टूडेंट ने इसी जगह डेढ़ महीने पहले (28 जनवरी) भी सुसाइड का प्रयास किया था। समय रहते गांव वालों ने उन्हें बचा लिया था। जानकारी के अनुसार, रतन कुमार मेघवाल (23) निवासी फलसूंड (जैसलमेर) की बॉडी शनिवार सुबह राजकोट के परापीपलिया रेलवे फाटक के पास मिली थी। गुजरात पुलिस को रतन के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है।
तड़के 4 बजे हॉस्टल छोड़ा था
पुलिस जांच के अनुसार, रतन कुमार शनिवार सुबह करीब 4 बजे मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल से निकले थे। इसके ठीक 45 मिनट बाद, यानी 4:45 बजे उन्होंने सुसाइड कर लिया। गांधीग्राम पुलिस मौके पर पहुंची। सुसाइड नोट में रतन ने खुद के मानसिक रूप से परेशान होने के कारण यह कदम उठाने का जिक्र किया है। उधर, एआईआईएमएएस प्रशासन का कहना है कि रतन कैंपस में नहीं रहते थे, जबकि हॉस्टल के वार्डन ने ही शव की पहचान की है।
डेढ़ महीने पहले भी किया था सुसाइड का प्रयास
28 जनवरी को भी रतन सुबह जल्दी हॉस्टल से निकले थे। परापीपलिया रेलवे ट्रैक पर उन्होंने सुसाइड का प्रयास किया था। बेटे के डॉक्टर बनने का सपना समझे जैसलमेर में बैठे माता-पिता को जैसे ही इस अनहोनी की खबर मिली, घर में चीख-पुकार मच गई। चाचा और पिता दोनों राजकोट के लिए रवाना हो गए। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए राजकोट सिविल हॉस्पिटल की मोर्चुरी में रखा गया है। परिजनों के आने के बाद ही अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू होगी।