Dainik Samrat Logo
🔗
💬 WhatsApp 📘 Facebook 🐦 Twitter
9 अप्रैल 2026
Epaper
ब्रेकिंग

सीजफायर का कमाल, सेंसेक्स 2946 अंक चढ़ा, निफ्टी में 874 अंकों की बढ़त, बैंकिंग शेयरों में जमकर हुई खरीददारी

सीजफायर का कमाल, सेंसेक्स 2946 अंक चढ़ा, निफ्टी में 874 अंकों की बढ़त, बैंकिंग शेयरों में जमकर हुई खरीददारी
सीजफायर का कमाल, सेंसेक्स 2946 अंक चढ़ा, निफ्टी में 874 अंकों की बढ़त, बैंकिंग शेयरों में जमकर हुई खरीददारी

अमेरिका और ईरान के बीच 2 हफ्ते के सीजफायर के ऐलान के बाद आज यानी बुधवार 8 अप्रैल को शेयर बाजार में तेजी रही। सेंसेक्स 2946 अंक (3.95%) चढ़कर 77,563 पर बंद हुआ। निफ्टी में भी 874 अंक (3.78%) ऊपर है, ये 23,997 पर बंद हुआ।

आज ऑटो, रियल्टी और बैंकिंग शेयरों में ज्यादा खरीदारी रही। निफ्टी का ऑटो, बैंकिंग, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और रियल्टी इंडेक्स 5% ऊपर बंद हुए।

2 हफ्ते का सीजफायर बाजार में तेजी की वजह

अमेरिका और ईरान के बीच 40 दिन से जारी जंग पर 2 हफ्ते के लिए ब्रेक लग गया है। दोनों देशों ने पाकिस्तान-चीन की मध्यस्थता के बाद इस सीजफायर पर सहमति जताई है।

समझौते के तहत अमेरिका, इजराइल और ईरान एक-दूसरे पर हमले रोकेंगे, साथ ही ईरानी सेना की मदद से होर्मुज स्ट्रेट से जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की जाएगी।

इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान को तबाह करने की चेतावनी दी थी। उन्होंने कहा था कि अगर होर्मुज स्ट्रेट से रास्ता नहीं मिला तो वह ईरान की पूरी सभ्यता खत्म कर देंगे।

एशियाई बाजार में भी तेजी रही

  • साउथ कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 6.87% चढ़कर 5,872 पर बंद हुआ।
  • जापान का निक्केई 5.39% चढ़कर 56,308 पर बंद हुआ।
  • हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग इंडेक्स 3.09% चढ़कर 25,893 पर बंद हुआ।
  • चीन का शंघाई कंपोजिट 2.69% बढ़कर 3,995 पर पहुंच गया है।

अमेरिकी बाजार में 7 अप्रैल को मिला जुला कारोबार

  • डाउ जोन्स 85 अंक (0.18%) गिरकर 46,548 के स्तर पर बंद हुआ।
  • टेक बेस्ड इंडेक्स नैस्डैक कंपोजिट 0.098% चढ़कर 22,017 पर बंद हुआ।
  • S&P 500 इंडेक्स 5 अंक (0.076%) बढ़कर 6,616 पर बंद हुआ।

क्रूड 15% गिरकर 94 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंचा

आज कच्चा तेल 15% नीचे है। ब्रेंट क्रूड गिरकर 94 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया है। 28 फरवरी को अमेरिका और ईरान के बीच जंग शुरू होने से पहले कच्चा तेल 70 डॉलर प्रति बैरल के आस-पास था। फिर ये बढ़कर 120 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया था।

कल 510 अंक चढ़कर बंद हुआ था सेंसेक्स

शेयर बाजार में कल 7 अप्रैल को लगातार चौथे दिन बढ़त रही थी। सेंसेक्स 510 अंक चढ़कर 74,617 पर बंद हुआ। निफ्टी में भी 155 अंक की तेजी रही, ये 23,124 पर बंद हुआ। आज IT, मेटल और रियल्टी शेयर्स में ज्यादा खरीदारी रही।