दैनिक सम्राट संवाददाता
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि युवा देश की दशा और दिशा तय करता है। युवा शक्ति को और अधिक सशक्त करने के लिए डबल इंजन की सरकार रीति और नीति के साथ काम कर रही है। युवा अपने सपनों को पूरा करने के लिए मेहनत करें, सरकार उनका पूरा साथ निभाने के लिए तत्पर है। राज्य के युवा अब सिर्फ नौकरी लेने वाले नहीं, नौकरी देने वाले भी बन रहे हैं।
युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी पूंजी एवं विकास के प्रमुख स्तम्भ
सीएम ने सोमवार को राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित माय भारत बजट क्वेस्ट, राजस्थान यूथ डायलॉग में वीसी के जरिए प्रतिभागियों के साथ संवाद किया। इस दौरान युवाओं ने भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता एवं युवा नीति जारी करने जैसे युवा हित में लिए गए महत्वपूर्ण फैसलों के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। सीएम ने कहा कि माय भारत बजट क्वेस्ट जैसे मंचों के माध्यम से जब युवा देश की आर्थिक नीतियों को समझता है तो वह एक ज्यादा जिम्मेदार और बेहतर नागरिक बनता है। राज्य के युवाओं ने 75 हजार से अधिक प्रतिभागियों के बीच असाधारण प्रदर्शन करते हुए अपनी विलक्षण प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
तनावमक्त वातावरण में शिक्षा देना सरकार की प्राथमिकता
सीएम ने कहा कि युवाओं को गुणवत्तापूर्ण कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य कौशल नीति-2025 जारी की गई। युवाओं के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास, प्रोत्साहन तथा समस्याओं के निस्तारण के लिए राजस्थान युवा नीति-2025 जारी की गई। साथ ही, युवाओं को करियर मार्गदर्शन एवं तनावमुक्त जीवन जीने हेतु कोटा, उदयपुर, जयपुर, बीकानेर एवं अजमेर में युवा साथी केंद्र स्थापित किए गए हैं। राज्य सरकार ने मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता एवं बेहतर उपचार सेवाओं के लिए ना केवल ‘राज ममता’ कार्यक्रम की शुरूआत की, बल्कि विद्यार्थियों को मानसिक अवसाद से बचाने एवं मानसिक संबल प्रदान करने के लिए राजस्थान कोचिंग सेंटर्स (कंट्रोल एंड रेगुलेशन) कानून भी बनाया है।
युवाओं को सशक्त कर रही सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक ओर जहां राजस्थान के युवा अत्याधुनिक तकनीक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डिजिटल अर्थव्यवस्था, हरित तकनीक, अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में भी नए प्रतिमान स्थापित कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर हमारी सरकार भी युवाओं के हितों के संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। हमने सरकार के गठन के पश्चात पेपर लीक की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया। जिसके चलते डमी अभ्यर्थी, फर्जी डिग्री व भर्ती परीक्षा संबंधी अन्य अनियमिताओं के लिए 420 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, पिछले 2 वर्ष में 351 से अधिक छोटी-बड़ी परीक्षाएं बिना किसी पेपर लीक के पूर्ण पारदर्शी तरीके सेे आयोजित करवाई जा चुकी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान संभावनाओं से भरा प्रदेश है। यहां सौर ऊर्जा, पर्यटन, कृषि, डेयरी सहित सभी क्षेत्रों में युवाओं के लिए भरपूर अवसर हैं। हमारा लक्ष्य है कि युवा आगे बढ़े, आत्मनिर्भर बने और विकसित राजस्थान के लक्ष्य को हासिल करने में अपनी सक्रिय सहभागिता निभाए। हमने बजट पूर्व संवाद कार्यक्रम में युवाओं से सुझाव प्राप्त कर उन्हें बजट में शामिल किया। साथ ही, युवाओं की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
युवा सपनों को पूरा करने के लिए करें मेहनत, सरकार देगी साथ: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
युवा सपनों को पूरा करने के लिए करें मेहनत, सरकार देगी साथ: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा