नई दिल्ली। देश के उत्तर, मध्य और पश्चिमी राज्यों में तापमान बढऩे लगा है। गुजरात, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश में पारा 40 डिग्री के पार पहुंच गया है।
राजस्थान के बाड़मेर-जैसलमेर में पारा 41 डिग्री के पार पहुंच गया है। एमपी के रतलाम में भी तापमान 41 डिग्री से ज्यादा दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो हफ्तों तक कोई नया सिस्टम एक्टिव नहीं होगा। इससे गर्मी तेजी से बढ़ेगी।
हालांकि पूर्वोत्तर राज्यों सिक्किम, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, अरुणाचल, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा में भारी बारिश का अलर्ट है। इसके अलावा दक्षिण भारत में केरल और कर्नाटक में तूफान और बिजली गिरने की संभावना है। उत्तराखंड के बद्रीनाथ और केदारनाथ में मंगलवार को बर्फबारी हुई है। जम्मू-कश्मीर के भद्रवाह, उत्तराखंड के केदारनाथ और सिक्किम के लाचेन में बर्फबारी से बंद हुए रास्ते खोलने काम चल रहा है। हालांकि इस दौरान रुक-रुक कर पश्चिमी विक्षोभ भी आता रहेगा, लेकिन उसका असर सीमित ही होगा। हल्की बारिश और आंधी के बावजूद राहत टिकाऊ नहीं होगी। अप्रैल का दूसरा पखवाड़ा ज्यादा तपिश लेकर आने वाला है।
पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में हो सकती है बारिश
पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में कहीं-कहीं तेज बारिश भी हो सकती है। हिमाचल और उत्तराखंड में गरज-चमक के साथ बौछारें पडऩे के आसार हैं। इससे मैदानी इलाकों को सीधी राहत नहीं मिलेगी, लेकिन तापमान बढऩे की रफ्तार कुछ समय के लिए थम सकती है।
पूर्वोत्तर राज्यों में 19 अप्रैल तक बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा। दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में भी हल्की बारिश संभव है, लेकिन वहां भी गर्मी और उमस का असर बना रहेगा।
इन राज्यों में तेजी से बढ़ेगी गर्मी
मौसम विभाग (आइएमडी) का पूर्वानुमान है कि एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गर्मी अब तेजी से बढ़ेगी। अभी तक चल रही हल्की हवाएं राहत दे रही थीं, लेकिन उनके थमते ही गर्म हवाओं का असर बढ़ेगा। दोपहर के समय लू जैसी परिस्थितियां बनने लगेंगी, लेकिन इसी बीच एक-दो पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय होंगे। इनके असर से 15 से 18 अप्रैल के बीच कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश और आंधी की संभावना है।
दिल्ली-राजस्थान में आसमान से बरसेगी आग, अप्रैल में पारा जा सकता है 45 के पार
दिल्ली-राजस्थान में आसमान से बरसेगी आग, अप्रैल में पारा जा सकता है 45 के पार