IPL- पंजाब ने गुजरात को 3 विकेट से हराया,  Cooper Connolly ने अर्धशतक ठोक पंजाब को दिलाई दमदार जीत

IPL- पंजाब ने गुजरात को 3 विकेट से हराया, Cooper Connolly ने अर्धशतक ठोक पंजाब को दिलाई दमदार जीत

नई दिल्ली। कूपर कोनोली (नाबाद 72) के अर्धशतक के दम पर पंजाब किंग्स ने मंगलवार को आईपीएल-2026 के अपने पहले मैच में गुजरात टाइटंस को तीन विकेट से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात की टीम 162 रन ही बना पाई थी। पंजाब ने ये टारगेट सात विकेट खोकर 19.1 ओवरों में हासिल कर लिया।

पंजाब के लिए कूपर कोनोली ने शानदार पारी खेली और इसमें प्रभसिमरन सिंह ने उनका बखूबी साथ दिया। कूपर ने 44 गेंदों की अपनी पारी में पांच चौके और पांच छ्क्के मारे। प्रभसिमरन ने 24 गेंदों पर एक चौके और चार छक्कों की मदद से 37 रनों की पारी खेली।

नहीं मिली अच्छी शुरुआत

163 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी पंजाब की टीम को अच्छी शुरुआत नहीं मिली। टीम के इम्पैक्ट प्लेयर और तूफानी बल्लेबाज प्रियांश आर्या जल्दी आउट हो गए। दूसरे ओवर की दूसरी गेंद पर कगिसो रबाडा ने उनको आउट किया। इस समय टीम का स्कोर सात रन था और ये सातों रन प्रियांश ने ही बनाए थे।

लेकिन इसके बाद कूपर कोनोली और प्रभसिमरन सिंह ने टीम को मजबूत किया। दोनों ने मिलकर पावरप्ले में टीम का स्कोर 55 रनों तक पहुंचा दिया। ये साझेदारी गुजरात के लिए परेशानी वाली साबित होती दिख रही, लेकिन तभी राशिद खान ने प्रभसिमरन सिंह को आउट कर पंजाब को दूसरा झटका दिया। प्रभसिमरन ने 24 गेंदों पर एक चौका और चार छक्कों की मदद से 37 रन बनाए।

प्रसिद्ध कृष्णा ने कराई गुजरात की वापसी

उनके बाद आए पंजाब के कप्तान अय्यर ने कुछ अच्छे शॉट्स लगाए, लेकिन वह बड़ी पारी नहीं खेल सके। प्रसिद्ध कृष्णा ने 13वें ओवर की पहली गेंद पर उनकी पारी का अंत कर दिया। अय्यर ने सिर्फ 18 रन बनाए। यहां से पंजाब की पारी लड़खड़ा गई। 14वें ओवर की पहली गेंद पर वॉशिंगटन सुंदर ने नेहाल वढेरा (4) को आउट किया। कृष्णा ने 15वें ओवर की दूसरी गेंद पर शशांक सिंह को पवेलियन की राह दिखा गुजरात को मैच में वापस ला दिया। कृष्णा ने दो गेंद पर मार्कस स्टोइनिस को बिना खाता खोले आउट कर दिया।

कोनोली से थीं उम्मीदें

इस बीच कोनोली दूसरे छोर पर टिके हुए थे और पंजाब की उम्मीदें उन्हीं पर टिकीं थीं और उन्होंने टीम की उम्मीदों को पूरा किया। उन्होंने चौका मार अपना अर्धशतक पूरा किया। मार्को यानसेन से टीम को उम्मीद थी लेकिन अशोक ने 18वें ओवर की चौथी गेंद पर उन्हें आउट कर दिया। उनके बाद आए जेवियर बार्टलेट ने 19वें ओवर की पहली गेंद पर छक्का मार पंजाब को मैच में वापस ला दिया। अब पंजाब को 11 गेंदों पर 10 रनों की जरूरत थी। इसी ओवर में कोनोली ने एक और चौका मारा। आखिरी ओवर में पंजाब को दो रन चाहिए थे और पहली ही गेंद पर कूपर ने दो रन लेकर अपनी टीम को जीत दिलाई।

गेंदबाजों ने दिलाई मजबूत शुरुआत

पिछले साल की उपविजेता पंजाब शुरुआत बेहद सधे अंदाज में की और आसमान में छाए बादलों और तेज हवाओं के बीच उसके गेंदबाजों ने शॉर्ट, वाइड यार्कर और स्लोअर बाउंसर गेंदों के जाल में गुजरात के बल्लेबाजों को ऐसा फंसाया कि वह रन बनाने के लिए तरस गए। वहीं अर्शदीप सिंह को स्विंग तो मिली लेकिन वह लाइन लेंथ से भटक गए और अंतिम ओवर में उन्होंने चार वाइड और एक नो बॉल फेंककर गुजरात को 162 के स्कोर तक पहुंचा दिया।

यानसेन ने किया कमाल

शुरुआती तीन ओवर को छोड़ दें तो पंजाब के गेंदबाजों ने गुजरात का रनरेट नौ के भीतर ही रखा। विजय कुमार विशाक ने तीन और युजवेंद्र सिंह चहल ने दो विकेट चटकाए, लेकिन जिस गेंदबाज ने गुजरात के बल्लेबाजों के दबाव में रखा, वो थे दक्षिण अफ्रीका के मार्को यानसेन। यानसेन ने भले ही एक विकेट लिया, लेकिन उन्होंने अपने कोटे के चार ओवर में केवल 20 रन दिए। टॉस जीतकर पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर ने गेंदबाजी चुनी। पिछले साल जब ये दोनों टीमें भिड़ी थीं तो उस मुकाबले में 500 से ज्यादा रन बने थे। लेकिन मंगलवार को गुजरात के लिए 150 रन के स्कोर तक पहुंचने में पसीने छूट गए।

कप्तान शुभमन गिल (39) और साई सुदर्शन (13) की ओपनिंग जोड़ी ने शुरुआती तीन ओवर में तेजी रन जोड़े और बोर्ड पर 35 रन जोड़ डाले थे। गिल की लय को तोड़ने के लिए पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर ने गेंदबाजी में बदलाव करते हुए लंबे कद के तेज गेंदबाज मार्को यानसेन को आक्रमण पर लगाया। यह फैसला तुरंत कारगर साबित हुआ। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज यानसेन ने साई सुदर्शन (13) को मिड ऑफ पर आसान कैच देकर आउट कराया। सुदर्शन मिड ऑन के ऊपर से शॉट खेलने की कोशिश में गलती कर बैठे और सीधा अय्यर को कैच थमा बैठे।

बटलर ने दिखाया आत्मविश्वास

इसके बाद क्रीज पर आए जोस बटलर ने आत्मविश्वास के साथ शुरुआत की। हालिया टी20 विश्व कप में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद बटलर ने कवर के जरिए चौका लगाकर अपने इरादे जाहिर किए। उन्होंने शॉर्ट और वाइड गेंद पर कट शॉट खेलकर एक और चौका बटोरा और फिर विशाक की गेंद पर सीधे छक्का जड़ दिया। पावरप्ले के अंत तक गुजरात ने एक विकेट पर 54 रन बना लिए थे, हालांकि शुरुआती ओवरों में रन लुटाने के बाद पंजाब ने वापसी के संकेत दे दिए थे।

आठवें ओवर में चहल को गेंदबाजी के लिए लाया गया और उन्होंने आते ही मैच का रुख बदल दिया। गिल के विरुद्ध पहले भी सफलता हासिल कर चुके चहल ने इस बार भी उन्हें अपना शिकार बनाया। चहल की धीमी गेंद पर गिल ने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद सही दूरी तय नहीं कर सकी और डीप मिडविकेट पर कैच हो गए। यह विकेट पंजाब के लिए बेहद अहम था, क्योंकि गिल अच्छी लय में दिख रहे थे।

गिल के आउट होने के बाद ग्लेन फिलिप्स ने आते ही चहल पर आक्रमण करते हुए लॉन्ग ऑन के ऊपर छक्का जड़ा। दूसरी ओर बटलर ने भी जेवियर बार्टलेट की छोटी गेंद पर मिड ऑन के ऊपर से छक्का लगाया। हालांकि, इसके बाद पंजाब के गेंदबाजों ने रन गति पर अंकुश लगा दिया और मध्य ओवरों में गुजरात को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया।

चहल की फिरकी और विशाक की सटीक गेंदबाजी के दम पर पंजाब किंग्स ने मैच में मजबूत पकड़ बना ली। बल्लेबाजों के लिए अनुकूल पिच पर गुजरात को 162 रन तक सीमित करना पंजाब के गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन को दर्शाता है। अंतिम पांच ओवर में गुजरात के बल्लेबाज केवल 6.8 रन प्रति ओवर से ही रन जोड़ सके।

अर्शदीप ने फेंकी 11 गेंद : अंतिम ओवर फेंकने आए अर्शदीप अपनी लाइन से पूरी तरह भटके दिखे। उन्होंने वाइड से शुरुआत की और फिर एक नो बाल फेंकी। इसके बाद फ्री हिट से बचने के लिए लगातार राशिद के पैरों पर यार्कर गेंद फेंकी, लेकिन ये वाइड हो गई। अर्शदीप ने 11 गेंद फेंकने के बाद ओवर पूरा किया, जिसमें उन्होंने 12 रन दिए।

1 hour, 38 minutes ago खेल