नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने बुधवार को रोम में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस किया। इस दौरान इटली की नेता ने कहा कि दोनों देश अब इतिहास में किसी भी समय की तुलना में सबसे करीब हैं।
मेलोनी की हिंदी
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मेलोनी ने अपनी हिंदी का शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने एक लोकप्रिय भारतीय मुहावरा बोलते हुए कहा, 'परिश्रम ही सफलता की कुंजी है।' इसके साथ ही उन्होंने इसका अंग्रेजी अनुवाद भी दिया और बताया कि इसका अर्थ है 'Hard work is the key to success'।
मेलोनी ने प्रधानमंत्री मोदी और उनके प्रतिनिधिमंडल का रोम में स्वागत करते हुए इसे 'दोनों देशों के संबंधों के लिए ऐतिहासिक दिन' बताया। उन्होंने मोदी को अपना 'दोस्त' करार देते हुए गर्मजोशी से याद किया।
26 वर्ष बाद द्विपक्षीय यात्रा
मेलोनी ने कहा, 'नरेंद्र मोदी 2014 से भारत का नेतृत्व कर रहे हैं, लेकिन आज इटली की यह उनकी पहली द्विपक्षीय यात्रा है। इससे पहले किसी भारतीय प्रधानमंत्री की द्विपक्षीय यात्रा साल 2000 में हुई थी, यानी पूरे 26 साल पहले। आज इस यात्रा के साथ हम न केवल उस लंबे अंतराल को भर रहे हैं, बल्कि दोनों देशों ने मिलकर अपने संबंधों को फिर से मजबूत करने का संकल्प लिया है।'
दोनों देशों के बीच बढ़ती दोस्ती
यह यात्रा दोनों देशों के बीच रणनीतिक, आर्थिक और सांस्कृतिक सहयोग को नई गति देने वाली मानी जा रही है। इससे पहले दोनों नेताओं का एक विडियो भी सामने आया था जिसमे प्रधानमंत्री मोदी इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को 'मेलोडी' टॉफी गिफ्ट करते दिखाई दिए थे।
