Dainik Samrat Logo
🔗
💬 WhatsApp 📘 Facebook 🐦 Twitter
14 मई 2026
Epaper

डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान का शांति प्रस्ताव खारिज किया, बोले- ईरान खतरनाक खेल खेल रहा है

डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान का शांति प्रस्ताव खारिज किया, बोले- ईरान खतरनाक खेल खेल रहा है
डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान का शांति प्रस्ताव खारिज किया, बोले- ईरान खतरनाक खेल खेल रहा है

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान के नए शांति प्रस्ताव को खारिज कर दिया है। ट्रम्प ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, "मैंने ईरान के प्रतिनिधियों का जवाब पढ़ा। मुझे यह बिल्कुल पसंद नहीं आया। इसे स्वीकर नहीं किया सकता।" इससे पहले भी ट्रम्प ने ईरान पर खेल खेलने का आरोप लगाया था।

ईरानी सरकारी मीडिया के मुताबिक, तेहरान ने रविवार को पाकिस्तान के जरिए अमेरिका को अपना नया प्रस्ताव भेजा। रिपोर्ट के मुताबिक, प्रस्ताव में युद्ध खत्म करने, फारस की खाड़ी और होर्मुज स्ट्रेट में समुद्री सुरक्षा सुनिश्चित करने, प्रतिबंध हटाने और परमाणु कार्यक्रम पर बातचीत की बात कही गई थी।

अमेरिका ने इस हफ्ते ईरान को 14 सूत्रीय प्रस्ताव भेजा था। इसके तहत ईरान को कम से कम 12 साल तक यूरेनियम संवर्धन रोकना होगा और अपने पास मौजूद करीब 440 किलो 60% एनरिच्ड यूरेनियम अमेरिका को सौंपना होगा। इसके बदले अमेरिका प्रतिबंधों में ढील देगा, ईरान की फ्रीज की गईं अरबों डॉलर की संपत्तियां छोड़ेगा, साथ ही ईरानी बंदरगाहों पर लगी नौसैनिक नाकेबंदी हटाएगा।

रिपोर्ट्स के मुताबिक ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम और हाईली एनरिच्ड यूरेनियम पर पूरी तरह समझौता करने को तैयार नहीं है। ईरानी अधिकारियों का कहना है कि उनका जवाब सकारात्मक और व्यावहारिक है और अब फैसला अमेरिका को करना है। दोनों देशों ने 8 अप्रैल से लागू सीजफायर खत्म होने की घोषणा नहीं की है।

1. तेल की कीमतों में बड़ा उछाल: अमेरिका के ईरान का प्रस्ताव ठुकराने के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड 104 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया। होर्मुज संकट के चलते सप्लाई प्रभावित होने की आशंका बढ़ी।

2. लेबनान में इजराइली हमले तेज, मेडिकल कर्मी भी निशाने पर: दक्षिणी लेबनान में इजराइल के हमलों में 39 लोगों की मौत हुई। संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक 2 मार्च से अब तक 103 मेडिकल कर्मी मारे जा चुके हैं। डॉक्टरों ने आरोप लगाया कि इजराइल गाजा जैसी रणनीति अपना रहा है।

3. होर्मुज में तनाव बढ़ा, जहाजों की आवाजाही प्रभावित: अमेरिका ने दावा किया कि नाकेबंदी के बाद 65 जहाजों ने रास्ता बदला। वहीं कतर, दक्षिण कोरिया और दूसरे देशों के जहाजों पर हमले और रुकावट की घटनाएं सामने आईं।

4. ईरान बोला- होर्मुज में दखल दिया तो जवाब देंगे: ईरान ने चेतावनी दी कि अगर अमेरिका, फ्रांस या ब्रिटेन ने होर्मुज स्ट्रेट में सैन्य दखल बढ़ाया तो कड़ा जवाब दिया जाएगा। ईरान ने अमेरिकी प्रतिबंध मानने वाले देशों को भी होर्मुज में दिक्कत की चेतावनी दी।

5. ईरान जंग का असर खाड़ी देशों तक पहुंचा: UAE और कुवैत में ड्रोन अलर्ट जारी हुआ। कतर के पास मालवाहक जहाज पर हमला हुआ, जबकि UAE ने दो ईरानी ड्रोन मार गिराने का दावा किया। क्षेत्र में सुरक्षा चिंता लगातार बढ़ रही है।

तेल की कीमतें बढ़ने से सोने के दाम गिरे

अमेरिका-ईरान तनाव बढ़ने से तेल की कीमतों में तेजी आई है। इसका असर सोने पर पड़ा और अंतरराष्ट्रीय बाजार में गोल्ड के दाम गिर गए। सोमवार को सोना करीब ₹1.43 लाख प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया।

रॉयटर्स के मुताबिक स्पॉट गोल्ड की कीमत 0.6% गिरकर 4,684 डॉलर प्रति औंस यानी भारतीय करेंसी में करीब ₹1.43 लाख प्रति 10 ग्राम रह गई। वहीं अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स भी 0.8% गिरकर 4,692 डॉलर प्रति औंस पर आ गए, जो करीब ₹1.44 लाख प्रति 10 ग्राम है।

मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि अमेरिका और ईरान के बीच समझौते की उम्मीद कमजोर पड़ने से तेल महंगा हो रहा है। इसी वजह से सोने पर दबाव बना हुआ है। फिलहाल बाजार की नजर अमेरिका-ईरान वार्ता और तेल की कीमतों पर बनी हुई है।

दक्षिण कोरिया ने होर्मुज में अपने कार्गो जहाज पर हमले की निंदा की

दक्षिण कोरिया ने होर्मुज स्ट्रेट में उसके कार्गो जहाज पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है। राष्ट्रपति कार्यालय ब्लू हाउस ने कहा कि हमले के पीछे जिम्मेदार की पहचान होने के बाद उचित जवाब दिया जाएगा।

हमला इस महीने होर्मुज स्ट्रेट में एक दक्षिण कोरियाई शिपिंग कंपनी के कार्गो जहाज पर हुआ था। रिपोर्ट के मुताबिक हमले के बाद जहाज के इंजन रूम में आग लग गई थी। दक्षिण कोरियाई अधिकारियों ने बताया कि जहाज के पिछले बाएं हिस्से को नुकसान पहुंचा।

राष्ट्रपति कार्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि दक्षिण कोरियाई विशेषज्ञों ने जहाज को हुए नुकसान की शुरुआती फॉरेंसिक जांच की है। हालांकि अब तक हमले के स्रोत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

ईरान बोला- लड़ाई के लिए मजबूर हुए तो लड़ेंगे

ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघई ने कहा है कि अगर ईरान को लड़ाई के लिए मजबूर किया गया तो वह लड़ाई लड़ेगा।

उन्होंने कहा कि जहां कूटनीति की गुंजाइश होगी, वहां बातचीत का रास्ता भी अपनाया जाएगा। बघई ने कहा कि कूटनीति के अपने नियम होते हैं। उन्होंने कहा कि ईरान के फैसले उसके राष्ट्रीय हितों के आधार पर लिए जाएंगे।

ईरानी प्रवक्ता ने कहा कि ईरान ने हमेशा अपने लोगों के हितों की रक्षा करने की इच्छा दिखाई है। उन्होंने कहा कि तेहरान अपने राष्ट्रीय हितों से समझौता नहीं करेगा।

हिजबुल्लाह का दावा- दक्षिणी लेबनान में इजराइली सैनिकों पर हमला किया

हिजबुल्लाह ने दावा किया है कि उसके लड़ाकों ने दक्षिणी लेबनान में इजराइली सैनिकों को निशाना बनाया। संगठन के मुताबिक तैयबेह इलाके में एक घर के अंदर मौजूद इजराइली सैन्य पोजिशन पर तीन बार हमला किया गया।

संगठन का दावा है कि हमलों के बाद इजराइली सैनिकों को पीछे हटना पड़ा। हिजबुल्लाह के मुताबिक बाद में एक इजराइली हेलिकॉप्टर मौके पर पहुंचा और घायलों को वहां से निकाला गया। हालांकि इजराइली सेना की तरफ से इस दावे पर तुरंत कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।