क्रिकेटर विराट कोहली और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा ने अक्षय तृतीया पर सोमवार को वृंदावन पहुंचकर संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन किए और आशीर्वाद लिया। दोनों ने प्रेमानंद महाराज का सत्संग भी सुना। संत से उनकी यह छठी मुलाकात थी।
IPL के बिजी शेड्यूल के बीच विराट और अनुष्का रविवार देर शाम वृंदावन पहुंचे थे। दोनों होटल रेडिसन में ठहरे थे। सोमवार सुबह करीब 6 बजे वे संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम केलीकुंज पहुंचे।
आश्रम में करीब ढाई घंटे रुकने के बाद दोनों होटल गए, जहां से सुबह करीब 10 बजे संत प्रेमानंद महाराज के गुरु संत हित गौरांगी शरण महाराज के वराह घाट स्थित आश्रम पहुंचे। यहां दर्शन कर फिर होटल लौटे और करीब 11 बजे रवाना हो गए।

क्रिकेटर विराट कोहली और उनकी पत्नी अभिनेत्री अनुष्का शर्मा ने सोमवार को वृंदावन में संत प्रेमानंद से मुलाकात की।
विराट-अनुष्का ने जमीन पर बैठकर सत्संग सुना
आश्रम में विराट और अनुष्का बेहद साधारण वेशभूषा और सादगी भरे अंदाज में नजर आए। बिना किसी वीआईपी तामझाम के दोनों ने आम श्रद्धालुओं की तरह जमीन पर बैठकर काफी देर तक सत्संग सुना। दोनों शांत रहे और कोई सवाल नहीं पूछा।
सत्संग में आए बाकी लोगों ने संत प्रेमानंद से सवाल पूछे, जिनके जवाब विराट-अनुष्का ने सुने। प्रेमानंद जी महाराज ने निर्मल मन और भक्ति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया- शुद्ध अंतःकरण ही ईश्वर प्राप्ति का एकमात्र मार्ग है।