पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में गुरुवार को बंपर वोटिंग हुई। बंगाल की 294 सीटों में से 152 सीटों पर पहले फेज में 89.93% मतदान हुआ। वहीं, तमिलनाडु की सभी 234 सीटों पर रिकॉर्ड 82.24% वोटिंग हुई।
दोनों राज्यों के इतिहास में पहली बार सबसे ज्यादा वोटिंग हुई है। चुनाव आयोग के आंकड़े शाम 5 बजे तक हैं। इनमें बदलाव हो सकता है। ममता ने वोटिंग के बाद कहा- बंगाल की जनता ने SIR के विरोध में बंपर वोटिंग की है।
इससे पहले असम, केरलम और पुडुचेरी में भी 9 अप्रैल को रिकॉर्ड वोटिंग हुई थी। असम के इतिहास में सबसे ज्यादा 85.91%, पुडुचेरी में 90% और केरलम में 1987 के बाद सबसे ज्यादा 78.27% वोटिंग हुई थी
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए मतदान जारी है। गुरुवार को बंगाल में पहले चरण के तहत 16 जिलों की 152 सीटों पर वोट पड़ रहे हैं।
कुल 1 हजार 478 उम्मीदवार चुनावी मैदान में है। 152 निर्वाचन क्षेत्रों में 44 हजार से अधिक मतदान केन्द्र स्थापित किए गये हैं। इनमें से सात हजार 384 मतदान केन्द्रों को अत्यधिक संवेदनशील माना जा रहा है। इस चरण में तीन करोड़ 60 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
मुकाबला सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच है। वोटिंग 44,376 बूथों पर हो रही है, जिसमें लगभग 3,000 सहायक बूथ भी शामिल हैं। 5,444 बूथों का प्रबंधन महिलाएं करेंगी और 207 मॉडल बूथ भी बनाए गए हैं। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के मतदान का दूसरा चरण अगले बुधवार को होगा।
टीएमसी कार्यकर्ताओं ने भाजपा उम्मीदवार के चुनाव एजेंट पर किया हमला
लाबपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार देबाशीष ओझा के चुनाव एजेंट विश्वजीत मंडल पर आज कथित तौर पर TMC कार्यकर्ताओं और नेताओं द्वारा हमला किया गया।
भाजपा नेता अग्निमित्रा की कार पर हमला
भाजपा नेता अग्निमित्रा पॉल की कार की पिछली खिड़की पर कथित तौर पर पत्थर से हमला किया गया, जिससे वह टूट गई। उन्होंने कहा, "जब हम आसनसोल के रहमत नगर में एक पोलिंग बूथ से बाहर निकल रहे थे, तब मेरी चलती कार पर पत्थर फेंका गया। यह बिल्कुल साफ है कि इसके पीछे कौन है। यह चुनाव को प्रभावित करने की एक कोशिश है। हमने इसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।"
'हुमायूं कबीर कर रहे गुंडागर्दी', बोले टीएमसी कार्यकर्ता
नौदा में सोफिउज्जमन शेख कहते हैं, "हुमायूं कबीर यहां गड़बड़ी पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। चुनाव के दिन, वह 15 गाड़ियों में असामाजिक तत्वों और जिन पर FIR दर्ज है, ऐसे अपराधियों के साथ आए थे। हुमायूं यहां बहुत गुंडागर्दी कर रहे हैं। हमने विरोध किया है, हमने शिकायत भी की है, लेकिन ECI या पुलिस प्रशासन की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं की गई है।"
'पूरी रात धमकाते रहे तृणमूल कार्यकर्ता', नौदा झड़प को लेकर बोले हुमायूं कबीर
मुर्शिदाबाद के नौदा में झड़प को लेकर हुमायूं कबीर ने कहा, “इन बूथों पर तृणमूल कार्यकर्ता पुलिस के साथ मिलकर पूरी रात हंगामा कर रहे हैं। वे पैसे देकर और अधिकारियों के साथ तालमेल बिठाकर चीजों को प्रभावित कर रहे हैं। बाहर लोगों को डराया-धमकाया जा रहा है और पूरी रात उन्हें धमकियां दी गईं। इसमें शामिल लोगों को पुलिस थानों से हटाना चाहिए और अधिकारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने चाहिए।”
पश्चिम बंगाल में शाम 5 बजे तक 89.93% मतदान
जिला वार मतदान प्रतिशत शाम पांच बजे तक
दक्षिण दिनाजपुर 93.12 % (सबसे अधिक)
कूचबिहार 92.07 %
बीरभूम 91.55 %
मुर्शिदाबाद 91.36 %
जलपाईगुड़ी 91.20 %
पश्चिम मेदिनीपुर 90.70 %
झाड़ग्राम 90.53 %
बांकुड़ा 89.91 %
उत्तर दिनाजपुर 89.74 %
मालदा 89.56 %
अलीपुरद्वार 88.74 %
पूर्व मेदिनीपुर 88.55 %
पुरुलिया 87.35 %
पश्चिम बर्द्धमान 86.89 %
दार्जिलिंग 86.49 %
कालिम्पोंग 81.98 % (सबसे कम)