Dainik Samrat Logo
🔗
💬 WhatsApp 📘 Facebook 🐦 Twitter
23 अप्रैल 2026
Epaper

बंगाल में कड़ी सुरक्षा में पहले चरण की वोटिंग आज

बंगाल में कड़ी सुरक्षा में पहले चरण की वोटिंग आज
बंगाल में कड़ी सुरक्षा में पहले चरण की वोटिंग आज

तमिलनाडु: 5.7करोड़ मतदाता चुनेंगे सरकार, 4 हजार उम्मीदवार मैदान में

दैनिक सम्राट संवाददाता
कोलकाता।
बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की लंबी प्रक्रिया के बाद हो रहे विधानसभा चुनाव के पहले चरण के तहत गुरुवार को 16 जिलों की 152 सीटों पर अभूतपूर्व सुरक्षा में वोट पड़ेंगे। इनमें उत्तर बंगाल के आठ, दक्षिण बंगाल के तीन व जंगलमहल क्षेत्र के पांच जिले शामिल हैं। बंगाल के मुख्य चुनाव अधिकारी के कार्यालय से दी गई जानकारी के मुताबिक पहले चरण के लिए केंद्रीय बलों की कुल 2,407 कंपनियों की तैनाती की गई है। पूर्व मेदिनीपुर जिले में सबसे अधिक 273 कंपनियां मुस्तैद रहेंगी।
मतदान केंद्रों को अभेद्य किले में तब्दील कर दिया गया है। उनके 100 मीटर के दायरे पर केंद्रीय बलों का नियंत्रण रहेगा। मतदाताओं, चुनाव कर्मियों, ड्यूटी प्राप्त पुलिस कर्मियों व राजनीतिक दलों के प्राधिकृत एजेंटों के अलावा किसी को इसके दायरे में आने की अनुमति नहीं दी जाएगी। प्रत्येक मतदान केंद्र पर केंद्रीय बल के चार जवान तैनात रहेंगे।  वहीं, पुलिसकर्मियों का काम मतदाताओं की कतार को व्यवस्थित करना होगा। 
केंद्रीय पुलिस पर्यवेक्षक इसपर कड़ी निगरानी रखेंगे।
केंद्रीय बलों के जवान अपनी मर्जी से कहीं भी मूव कर सकेंगे। पुलिसकर्मी इसमें उनका मार्गदर्शन करेंगे। इसके अलावा 2,193 क्विक रिस्पांस टीमें भी मुस्तैद रहेंगी। प्रत्येक 10-12 बूथों के बाबत एक क्यूआरएस होगी। कहीं से भी गड़बड़ी, हिंसा अथवा बूथ पर कब्जे की खबर मिलने पर क्यूआरटी तुरंत वहां पहुंचकर कार्रवाई करेगी।
मतदान केंद्रों पर लोगों के परिचय पत्रों की दो स्तरों पर जांच होगी। पहले केंद्रीय बल के जवान जांच करेंगे। उसके बाद अंदर बूथ स्तरीय अधिकारी जांच करेंगे। मतदाताओं की सहायता के लिए मतदान केंद्रों पर सहायता शिविर भी खोले जाएंगे।
आयोग ने कहा है कि इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के बटन में इत्र, कालिख, गोंद अथवा कोई रासायनिक लगा पाए जाने पर इसे वोट टेंपरिंग माना जाएगा। वहां वोट रद करके पुनर्मतदान कराया जा सकता है।
पीठासीन अधिकारियों को मतदान शुरू होने से पहले ईवीएम की ठीक से जांच कर लेने का सख्त निर्देश दिया गया है। किसी भी तरह की विसंगति पाए जाने पर तुरंत रिटर्निंग अधिकारी अथवा सेक्टर अधिकारी को जानकारी देने को कहा गया है।

तमिलनाडु: 5.7करोड़ मतदाता चुनेंगे सरकार, 4 हजार उम्मीदवार मैदान में
चेन्नई। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में गुरुवार को 5.7 करोड़ से अधिक मतदाता 4,023 उम्मीदवारों के चुनावी भाग्य का फैसला करेंगे। चुनावी मुकाबले में द्रमुक गठबंधन और अन्नाद्रमुक गठबंधन आमने-सामने हैं। द्रमुक सत्ता बरकरार रखने के लिए पुरजोर प्रयास कर रही है, वहीं अन्नाद्रमुक पांच साल विपक्ष में रहने के बाद सत्ता में वापसी के लिए अथक प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने दावा किया है कि वे तमिलनाडु को दक्षिण एशिया का एक आदर्श राज्य बनाएंगे, वहीं अन्नाद्रमुक के महासचिव ईके पलानीस्वामी ने युवा मतदाताओं से अपील की है कि वे गलत व्यक्ति को न चुनें। चुनाव प्रचार समाप्त होने के साथ ही उन्होंने अन्नाद्रमुक को विकास, शांति और समृद्धि लाने के लिए निर्णायक जनादेश देने का आह्वान किया है। टीवीके प्रमुख विजय के मैदान में आने से कई क्षेत्रों में त्रिकोणीय मुकाबला होने के आसार हैं। राज्य में 234 विधानसभा क्षेत्रों से कुल 4,023 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।  कुल 5,73,43,291 मतदाताओं द्वारा अपने मताधिकार का प्रयोग किए जाने की उम्मीद है। गुरुवार को मतदान के बाद मतगणना 4 मई को होगी।