2 करोड़ के सडक़-नाली निर्माण की निविदा बोर्ड खत्म होने के बाद जारी करने का लगाया आरोप, करौली में कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
दैनिक सम्राट संवाददाता
हिण्डौन सिटी (ओमप्रकाश सुमन)। हिण्डौन के निवर्तमान पार्षदों ने शुक्रवार को नगर परिषद कार्यालय में जोरदार प्रदर्शन करते हुए भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उन्होंने विकास कार्यों के नाम पर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए बोर्ड समाप्त होने के बाद बड़े पैमाने पर निविदा जारी करने का मुद्दा उठाया।निवर्तमान पार्षदों ने आरोप लगाया कि करीब 2 करोड़ रुपए के सडक़ तथा नाली निर्माण कार्यों की निविदाएं नगर परिषद बोर्ड खत्म हो जाने के बाद गुपचुप तरीके से जारी की गई हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया संदिग्ध है और चहेते लोगो को लाभ पहुंचाने के लिए की जा रही है। पूर्व पार्षदों ने शहर की बदहाली पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि सफाई, सीवरेज लाइन और स्ट्रीट लाइट की समस्या से शहरवासी बेहद तंग हैं। नालियां कचरे से अटी पड़ी हैं, सीवरेज चैंबर से गंदगी उफान मार रही है और मानसून आने वाला है, लेकिन ड्रेनेज सिस्टम पूरी तरह फेल है। आम जनता के हितों की उपेक्षा की जा रही है और अब केवल चहेते लोगों के वार्डों में ही विकास कार्य कराए जाएंगे।
गौरतलब है कि नगर परिषद का आयुक्त पद करीब तीन वर्ष से रिक्त पड़ा हुआ है। एसडीएम हेमराज गुर्जर पर आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार है। धरना प्रदर्शन के बाद निवर्तमान पार्षद करौली पहुंचे और जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में सभी आरोपों का उल्लेख करते हुए उचित कार्रवाई की मांग की गई है।
इस दौरान पूर्व नेता प्रतिपक्ष दिनेश सैनी, पूर्व पार्षद गोपेंद्र पावटा, नरेश गुर्जर, राहुल हरसाना, लोकेश कुमार जाटव, भारत आदि मौजूद रहे।
हिण्डौन सिटी में निवर्तमान पार्षदों ने धरना दे किया प्रदर्शन, विकास कार्यों में भ्रष्टाचार का लगाया आरोप
हिण्डौन सिटी में निवर्तमान पार्षदों ने धरना दे किया प्रदर्शन, विकास कार्यों में भ्रष्टाचार का लगाया आरोप