Dainik Samrat Logo
🔗
💬 WhatsApp 📘 Facebook 🐦 Twitter
16 अप्रैल 2026
Epaper

आरसीबी ने लखनऊ को 5 विकेट से हराया, आरसीबी के भुवनेश्वर कुमार को तीन और रासिख सलाम को मिले चार विकेट

आरसीबी ने लखनऊ को 5 विकेट से हराया, आरसीबी के भुवनेश्वर कुमार को तीन और रासिख सलाम को मिले चार विकेट
आरसीबी ने लखनऊ को 5 विकेट से हराया, आरसीबी के भुवनेश्वर कुमार को तीन और रासिख सलाम को मिले चार विकेट

नई दिल्ली। गत चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के तेज गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स को 146 रन पर समेट दिया। इसके बाद विराट कोहली (49), रजत पाटीदार और जितेश शर्मा की अहम पारियों की बदौलत आरसीबी को इस सीजन की चौथी जीत मिली गई। आरसीबी ने बुधवार को लखनऊ को 5 विकेट से हराया। इस जीत के साथ बेंगलुरु के 8 अंक हो गए हैं और टीम प्‍वाइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई है। टीम का नेट रन रेट +1.503 है। 

छा गए तेज गेंदबाज

आरसीबी की जीत की नींव ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड ने रखी, जिनकी सटीक लाइन-लेंथ के सामने लखनऊ के बल्लेबाज पूरी तरह बेबस नजर आए। इसके अलावा भुवनेश्वर कुमार (3/27) और रासिख सलाम (4/24) ने भी पूरी तरह शिकंजा कस कर रखा और एडेन मार्कराम, मिचेल मार्श, ऋषभ पंत, निकोलस पूरन जैसे दिग्गज बल्लेबाजों से सजी एलएसजी की पूरी टीम 146 रन पर ढेर हो गई।

पहली बार 49 पर आउट हुए कोहली

147 रन चेज करने उतरी आरसीबी की शुरुआत खराब रही और दूसरे ही ओवर में प्रिंस यादव ने फिल सॉल्‍ट (7) को बोल्‍ड किया। 3 नंबर पर उतरे देवदत्‍त पडिक्‍कल (10) भी बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। आवेश खान ने उनका शिकार किया।

इसके बाद विराट कोहली को कप्‍तान रजत पाटीदार का साथ मिला। विराट कोहली फिफ्टी (34 गेंद-49 रन) के बेहद करीब पहुंचकर अपना विकेट गंवा बैठे। वह अपने आईपीएल करियर में पहली बार 49 रन पर आउट हुए। आवेश खान की गेंद पर बड़ा शॉट लगाने के प्रयास में कोहली लॉन्‍ग ऑन पर निकोलस पूरने को कैच थमा बैठे।

विराट कोहली का आईपीएल 2026 में प्रदर्शन

  • 69*(38) बनाम हैदराबाद
  • 28(18) बनाम चेन्‍नई
  • 32(16) बनाम राजस्‍थान
  • 50(38) बनाम मुंबई
  • 49(34) बनाम लखनऊ

प्रिंस ने किया वापसी का प्रयास

जल्‍दी से मैच खत्‍म करने के प्रयास में आरसीबी ने कुछ विकेट गंवा दिए। 13वें ओवर में प्रिंस यादव ने बेंगलुरु को 2 झटके देकर मैच में लखनऊ की वापसी कराने की कोशिश की। ओवर की दूसरी गेंद पर प्रिंस ने कप्‍तान रजत पाटीदार (27) को आउट किया।

चौथी गेंद पर उन्‍होंने जितेश शर्मा को पवेलियन की राह दिखाई। ऋषभ पंत के चोटिल होने के चलते विकेटकीपिंग कर रहे मुकुल चौधरी ने जितेश का कैच लिया। जितेश ने 9 गेंदों का सामना किया और 23 रन बनाए। टिम डेविड और रोमारियो शेफर्ड 14-14 रन बनाकर नाबाद रहे। लनखऊ की ओर से प्रिंस यादव ने 3 विकेट लिए। 

हेजलवुड की कसी हुई गेंदबाजी

इससे पहले मैच की शुरुआत से ही आरसीबी के गेंदबाजों ने दबाव बना दिया। हेजलवुड ने पावरप्ले में तीन ओवर में सिर्फ 10 रन देकर एक विकेट लिया, जिससे लखनऊ की टीम छह ओवर में केवल 35 रन ही बना सकी। यह स्कोर टी20 क्रिकेट के लिहाज से बेहद धीमा रहा और यहीं से लखनऊ की मुश्किलें बढ़नी शुरू हो गईं। इस मुकाबले में लखनऊ के लिए सबसे बड़ा झटका कप्तान ऋषभ पंत का जल्दी चोटिल होकर रिटायर्ड हर्ट होना रहा। हेजलवुड की गेंद सीधे उनके बाएं हाथ पर लगी, जिसके बाद उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा।

पूरन का नहीं चला बल्‍ला

हालांकि, वह बाद में बल्लेबाजी के लिए लौटे, लेकिन ज्यादा देर टिक नहीं सके और टीम को संभालने में नाकाम रहे। हेजलवुड ने अपनी शानदार गेंदबाजी से विपक्षी बल्लेबाजों को बांधकर रखा। उन्होंने इनफॉर्म बल्लेबाज निकोलस पूरन को भी बोल्ड कर बड़ा झटका दिया। उनकी गेंदों में इतनी सटीकता थी कि बल्लेबाजों को रन बनाने के लिए कोई जगह नहीं मिल रही थी। हेजलवुड को दूसरे छोर से अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर और रासिख का बेहतरीन साथ मिला।

मार्श ने बनाए 40 रन

भुवनेश्वर ने स्विंग का शानदार इस्तेमाल करते हुए लखनऊ के बल्लेबाजी क्रम को पूरी तरह झकझोर दिया। रासिख ने एडेन मार्करााम और बडोनी के अलावा मुकुल चौधरी व आवेश खान को आउट किया। लखनऊ की ओर से मार्श ने 32 गेंदों में 40 रन बनाकर कुछ संघर्ष जरूर किया। उन्होंने भुवनेश्वर और स्पिनर क्रुणाल पांड्या के खिलाफ बड़े शॉट लगाए, लेकिन उनकी पारी ज्यादा देर नहीं चल सकी।

क्रुणाल ने अपनी गति में बदलाव कर उन्हें बोल्ड कर दिया। मध्यक्रम में आयुष बडोनी (38) और मुकुल चौधरी (39) ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन शुरुआती झटकों के बाद टीम उबर नहीं पाई। आखिरी पांच ओवरों में लखनऊ की टीम ने 6 विकेट खोकर केवल 34 रन ही जोड़े, जिससे उनका स्कोर 146 तक ही सीमित रह गया।