Dainik Samrat Logo
🔗
💬 WhatsApp 📘 Facebook 🐦 Twitter
16 मई 2026
Epaper

मुंगेरी लाल के सपने देखना बंद करें गहलोत, धरातल पर उतर कर करें समाज सेवा: मदन राठौड़

मुंगेरी लाल के सपने देखना बंद करें गहलोत, धरातल पर उतर कर करें समाज सेवा: मदन राठौड़
मुंगेरी लाल के सपने देखना बंद करें गहलोत, धरातल पर उतर कर करें समाज सेवा: मदन राठौड़

जयपुर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ‘मन की बात’ कार्यक्रम के माध्यम से देशवासियों को महत्वपूर्ण संदेश दिया गया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों, विशेषकर गल्फ देशों में चल रहे तनाव के बीच, भारत पूरी तरह सक्षम और मजबूत है। प्रधानमंत्री ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर विश्वास न करें और देश के नेतृत्व पर भरोसा बनाए रखें। जैसे कोविडकाल में देशवासियों ने एकजुट होकर चुनौतियों का सामना किया था, उसी प्रकार आज भी संयम और विश्वास बनाए रखने की आवश्यकता है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री ने योग को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया। इससे नागरिक स्वस्थ और सशक्त बन सकें। साथ ही उन्होंने युवाओं को विज्ञान, नई तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया। जल संरक्षण के क्षेत्र में देशभर के गांवों और जिलों के उदाहरण देते हुए प्रधानमंत्री ने बताया कि किस प्रकार छोटे-छोटे प्रयासों से जल संकट का समाधान संभव है। वर्षा जल संचयन, खेतों में छोटे तालाब और नालियों के माध्यम से जल स्तर बढ़ाने जैसे प्रयासों ने ग्रामीण जीवन में सकारात्मक बदलाव लाए है।  राठौड़ ने बताया कि प्रधानमंत्री ने खेलों के महत्व को भी रेखांकित किया और क्रिकेट में भारत की हालिया जीत पर गर्व व्यक्त करते हुए पारंपरिक खेलों जैसे खो-खो को भी प्रोत्साहित करने का संदेश दिया। इसके साथ ही, जयपुर के मुरलीधर जैसे नवाचार करने वाले नागरिकों का उदाहरण देते हुए बताया कि कैसे सोलर पैनल और सोलर पंप के माध्यम से लोग आत्मनिर्भर बन रहे हैं। महिलाओं द्वारा मछली पालन जैसे कार्यों के माध्यम से आजीविका सुदृढ़ करने के उदाहरण भी प्रेरणादायी हैं। ये सभी पहल देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने विपक्ष पर प्रहार करते हुए कहा कि आपदा और चुनौती के समय राजनीति करना उचित नहीं है। केंद्र और राज्य सरकार स्पष्ट रूप से कह रहे हैं कि देश में पर्याप्त व्यवस्थाएं हैं, इसके बावजूद कांग्रेस लगातार प्रदर्शन और भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में सभी दलों को मिलकर समाधान खोजने की आवश्यकता है, न कि राजनीतिक लाभ लेने की। राठौड़ ने अशोक गहलोत पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें ‘इंतजार की राजनीति’ छोडक़र सेवा भाव से कार्य करना चाहिए। जनता के बीच रहकर सकारात्मक योगदान देना ही सच्ची राजनीति है। अफवाह फैलाने और गलत सलाह देने से बचना चाहिए। गहलोत तो ऐसे इंतजार कर रहे है जैसे वो मुख्यमंत्री बनना चाहते है। गहलोत मुंगेरी लाल के सपने देखना बंद करें और धरातल पर आए, समाज की सेवा करें, अफवाह नहीं फैलाएं। विपक्ष को चाहिए कि जैसे कोविड के दौरान विपक्ष की भूमिका निभाते हुए भाजपा ने पूर्ण सहयोग दिया था, उसी तर्ज पर आज कांग्रेस विपक्ष की सकारात्मक भूमिका निभाए, जनता के साथ मिलकर सरकार को सहयोग करें। राठौड़ ने कहा कि सभी संवैधानिक संस्थाएं स्वतंत्र हैं और अपना कार्य निष्पक्ष रूप से कर रही हैं। चुनाव आयोग जब भी चुनाव की घोषणा करेगा, भाजपा पूरी तरह तैयार है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी स्थानीय निकाय और पंचायत चुनावों में भाजपा विकास, सेवा और समर्पण के मुद्दों के साथ जनता के बीच जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा का मूल मंत्र राष्ट्र प्रथम है और पार्टी हर परिस्थिति में जनसेवा के लिए प्रतिबद्ध है। जनता के सहयोग और विश्वास से भाजपा भविष्य में भी विकास के नए आयाम स्थापित करेगी।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में मन की बात कार्यक्रम का प्रसारण श्रवण किया गया। इस दौरान सांसद घनश्याम तिवाडी, मंजू शर्मा, भाजपा प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी, प्रदेश मंत्री डॉ अपूर्वा सिंह, एकता अग्रवाल, नारायण मीना, भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ, भाजपा कार्यालय मंत्री मुकेश पारीक, सह कार्यालय प्रभारी भवानी शंकर शर्मा, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राखी राठौड़, ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र कुमावत, विधायक गुरवीर बराड, बाल मुकुंदाचार्य, प्रदेश राजेंद्र सिंह शेखावत, प्रवक्ता स्टेफी चौहान सहित भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।