Dainik Samrat Logo
🔗
💬 WhatsApp 📘 Facebook 🐦 Twitter
13 मई 2026
Epaper

नीट पेपर लीक माफिया के तार जमवारामगढ़ से जुड़े

नीट पेपर लीक माफिया के तार जमवारामगढ़ से जुड़े
नीट पेपर लीक माफिया के तार जमवारामगढ़ से जुड़े

एसओजी की दबिश में युवक हिरासत में, कई अभ्यर्थियों से पूछताछ, दिनभर कस्बे में कार्रवाई की रही चर्चा
दैनिक सम्राट संवाददाता
जमवारामगढ़ (अंकिता शर्मा)।
देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-2026 पेपर लीक प्रकरण के तार अब जमवारामगढ़ कस्बे तक पहुंचते नजर आ रहे हैं। पेपर लीक माफिया के नेटवर्क की जांच में जुटी राजस्थान एसओजी ने थाना मोड़ क्षेत्र के आगे एक मोहल्ले में दबिश देकर एक संदिग्ध युवक सहित कुछ अभ्यर्थियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। कार्रवाई के बाद पूरे कस्बे में दिनभर चर्चाओं का दौर चलता रहा।सूत्रों के अनुसार एसओजी को जानकारी मिली थी कि संदिग्ध युवक के पास परीक्षा से पूर्व कथित गैस पेपर अथवा प्रश्न बैंक पहुंचा था और उसी के आधार पर कुछ विद्यार्थियों ने परीक्षा की तैयारी की। बताया जा रहा है कि युवक के परिवार के छात्र-छात्राएं सीकर में रहकर प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थानों में नीट परीक्षा की तैयारी कर रहे थे।जानकार सूत्रों का कहना है कि एसओजी अब इस पूरे नेटवर्क की कडिय़ां जोडऩे में लगी है। 
जांच एजेंसी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कथित प्रश्न बैंक युवक तक किस माध्यम और किन लोगों के जरिए पहुंचा, इसके बदले कितनी राशि का लेन-देन हुआ तथा कितने अभ्यर्थियों ने इसका लाभ लिया। सूत्रों के मुताबिक कार्रवाई से पहले एसओजी ने स्थानीय पुलिस का सहयोग लिया था। हालांकि स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने आधिकारिक रूप से पेपर लीक से जुड़ी दबिश की पुष्टि नहीं की है। वहीं दबिश के बाद कुछ संदिग्ध लोगों के क्षेत्र छोडऩे की भी चर्चा है। गौरतलब है कि देशभर में सामने आए नीट-2026 पेपर लीक प्रकरण के बाद परीक्षा की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो गए थे। 
मामले की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने परीक्षा निरस्त कर दी। अभिभावकों और विद्यार्थियों का कहना है कि पेपर लीक माफिया पर सख्त कार्रवाई होने से ही मेहनती विद्यार्थियों के भविष्य के साथ हो रहे खिलवाड़ पर रोक लग सकेगी।अब सभी की नजर एसओजी जांच पर टिकी है, जिससे यह खुलासा होने की संभावना है कि पेपर लीक माफिया का नेटवर्क आखिर कितनी दूर तक फैला हुआ है और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।