राजस्थान विश्वविद्यालय: प्राणी शास्त्र विभाग में वंदे मातरम के तहत वृक्षारोपण एवं संगोष्ठी आयोजित
दैनिक सम्राट संवाददाता
जयपुर। राजस्थान विरश्वविद्यालय के प्राणी शास्त्र विभाग में वंदे मातरम ञ्च150 अभियान के अंतर्गत एक भव्य कार्यक्रम और वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में अधिवक्ता एवं राजस्थान विश्वविद्यालय के आजीवन सीनेटर डॉ. अखिल शुक्ला उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत विभाग परिसर में सघन वृक्षारोपण से हुई, जहां अतिथियों और विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। मुख्य अतिथि डॉ. अखिल शुक्ला ने अपने उद्बोधन से छात्र-छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वंदे मातरम मात्र एक गीत नहीं, बल्कि भारत माता के प्रति समर्पण, श्रद्धा और गौरव का सजीव प्रतीक है। उन्होंने युवाओं को राष्ट्र की एकता, अखंडता और समृद्धि के लिए सदैव समर्पित रहने का आव्हान किया। युवाओं को कहां कि हमें कर्तव्यों का पालन करना होगा। हमें अपने जीवन में अनुशासन, ईमानदारी और राष्ट्र प्रेम को प्रमुख स्थान देना होगा तभी हम सच्चे अर्थो में स्वतंत्रता का सम्मान कर सकेंगे।
प्राणी शास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष प्रोफेसर पी.सी. माली ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि विज्ञान के साथ-साथ सामाजिक और राष्ट्रीय मूल्यों का समावेश ही एक पूर्ण व्यक्तित्व का निर्माण करता है। उन्होंने विभाग की शैक्षणिक और सह-शैक्षणिक गतिविधियों की सराहना की। कार्यक्रम में सहायक प्रोफेसर इमरान खान ने देशप्रेम से ओत-प्रोत गीत प्रस्तुत किया, जिससे पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर हो गया। कार्यक्रम का प्रभावी और सफल संचालन विभाग के डॉ. संतोष कुमार चारण ने किया। उन्होंने अपनी विशिष्ट शैली में वंदे मातरम के ऐतिहासिक महत्व और वर्तमान संदर्भ में इसकी प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला।
इस आयोजन में शोध छात्र छात्राओं एवं एम.एससी. के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने न केवल वृक्षारोपण में सहयोग किया, बल्कि संवाद सत्र के दौरान राष्ट्र सेवा से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा भी की। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रगीत वंदे मातरम के साथ सभा का समापन हुआ।