गहलोत ने पुत्र मोह में कई नेताओं का हक मारा, लेकिन जनता ने वैभव को नकारा: राजेंद्र राठौड़
गहलोत हकीकत शास्त्र’ से कोसों दूर, केवल ‘इंतजार शास्त्र’ के माध्यम से जनता को कर रहे है भ्रमित
जयपुर। पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता राजेंद्र राठौड़ ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि गहलोत हकीकत शास्त्र से कोसों दूर हैं और केवल इंतजार शास्त्र के माध्यम से जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। गहलोत की बयानबाजी सच्चाई छुपाने और अपनी विफलताओं पर पर्दा डालने का असफल प्रयास है। जिसके समय सिस्टम को लूटा गया, व्यवस्थाओं का दम घोंटा गया, कोरोना जैसी आपदा में भी अवसर बना लिया गया, वे आज स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर सवाल उठा रहे है यह कितने आश्चर्य की बात है। मंत्रियों को पुत्र मोह की नसीयत देने वाले गहलोत स्वयं वैभव गहलोत के मोह में फंसकर रह गए।
भाजपा वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि गहलोत ने अपने पुत्र वैभव गहलोत को अन्य नेताओं का हक मारकर जोधपुर, जालौर से चुनाव मैदान में उतारा, लेकिन जनता ने उन्हें नकार दिया। आरसीए चुनाव में भी उन्होंने अपने पुत्र को स्थापित करने के लिए वरिष्ठ नेता रामेश्वर डूडी का अपमान किया और आज वे मंत्रियों को पुत्र मोह से दूर रहने की नसीयत दे रहे है। कोरोना काल का उल्लेख करते हुए राठौड़ ने कहा कि कहा कि उस समय भाजपा ने सरकार का सहयोग किया, जबकि कांग्रेस ने आपदा में भी अवसर तलाशते हुए दवाओं, उपकरणों और रेमडेसिविर इंजेक्शन की खरीद में भ्रष्टाचार किया। इतना ही नहीं, गहलोत ने 5 साल में 4148 घोषणाएं की थी, जिनमें से 2208 घोषणाएं तो पूरी ही नहीं की और आज पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत इंतजार शास्त्र की बातें कर रहे है।
भाजपा वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि गहलोत आईपीडी टावर को लेकर बयानबाजी कर रहे है, जबकि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने बिना उचित योजना, पार्किंग और विशेषज्ञ सलाह के बड़े प्रोजेक्ट शुरू किए। वर्तमान सरकार उन्हें सुधार कर आगे बढ़ा रही है। उन्होंने लागत बढऩे के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि पहले जहां 12 मंजिल तक निर्माण हुआ था, वहीं अब 23 मंजिल तक संरचना पूरी हो चुकी है और परियोजना जनवरी 2027 तक पूर्ण होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि भजनलाल सरकार युवाओं के हित में पारदर्शी तरीके से भर्ती प्रक्रिया चला रही है। अब तक 92 हजार नौकरियां दी जा चुकी हैं और 1.53 लाख पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है, जिसमें ना पर्ची, ना खर्ची का सिद्धांत अपनाया गया है। राठौड़ ने कहा कि गहलोत मेडिकल कॉलेज और स्वास्थ्य योजनाओं की बात करते हैं, जबकि उनके कार्यकाल में आरजीएचएस जैसे योजनाओं में अनियमितताएं सामने आईं। वर्तमान सरकार ने इन पर कार्रवाई कर व्यवस्था को सुधारने का काम किया है।
भाजपा वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि वर्तमान में पश्चिम एशिया में ईरान, अमेरिका और इजराइल के बीच चल रहे युद्ध को एक माह पूरा हो चुका है, जिससे पूरी दुनिया प्रभावित है। यूएई और बहरीन जैसे खाड़ी देश भी इसकी जद में हैं, जहां से विश्व के लगभग 80 प्रतिशत पेट्रोलियम उत्पाद आते हैं। भारत भी अपनी आवश्यकताओं का लगभग 80 प्रतिशत पेट्रोलियम इन्हीं देशों से आयात करता है, ऐसे में उत्पादन में कमी और कीमतों में वृद्धि स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि कच्चे तेल की कीमत 122 डॉलर प्रति बैरल से अधिक होने के बावजूद केंद्र सरकार ने 10 रुपये एक्साइज ड्यूटी घटाकर जनता को राहत दी, जिससे लगभग 1.75 लाख करोड़ रुपए का वार्षिक राजस्व नुकसान हो रहा है। राठौड़ ने बताया कि राज्य सरकार ने वैश्विक संकट के बावजूद प्रदेशवासियों को राहत देने के लिए 24 घंटे हेल्पलाइन शुरू की है तथा गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए हैं। 1.84 करोड़ से अधिक घरेलू उपभोक्ताओं को नियमित आपूर्ति दी जा रही है और 5 लाख नए पीएनजी कनेक्शन देने की तैयारी है। उन्होंने कहा कि कालाबाजारी, जमाखोरी और अवैध रिफिलिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए हजारों स्थानों पर जांच, छापेमारी और एफआईआर दर्ज की गई हैं, जिससे स्पष्ट संदेश गया है कि अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। राठौड़ ने कहा कि राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 26 मार्च को कच्चे तेल, गैस और उर्वरक की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सर्वदलीय बैठक आयोजित कर सभी से सहयोग की अपील की। ऐसे में एक ओर कांग्रेस सर्वदलीय बैठक की मांग करती है, वहीं बैठक बुलाए जाने पर उसके नेता पर्ची और इंतजार शास्त्र जैसे बयान देकर अपने आंतरिक मतभेदों को उजागर करते हैं। उन्होंने बताया कि देश में पेट्रोल और डीजल का लगभग 60 दिन तथा एलपीजी का एक माह का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है, जिससे घबराने की आवश्यकता नहीं है।