दैनिक सम्राट संवाददाता
भीनमाल (विक्रम राठी)। राजस्थान स्टेट टेक्स्टबुक बोर्ड जयपुर के सीएओ (मुख्य लेखाधिकारी) एवं जालोर जिला प्रभारी अतुल खण्डेलवाल ने शुक्रवार को पीएमश्री विद्यालय जुंजानी का निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षणिक, डिजिटल एवं आधारभूत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय में संचालित विभिन्न गतिविधियों, विद्यार्थियों को उपलब्ध सुविधाओं एवं नवाचार कार्यों की सराहना की।
निरीक्षण के दौरान खण्डेलवाल ने विद्यालय परिसर में स्वच्छ पेयजल व्यवस्था, बालक-बालिकाओं के लिए पृथक शौचालय, टॉयलेट एवं यूरिनल की नियमित साफ-सफाई, हाथ धोने की व्यवस्था तथा प्रत्येक कक्षा में ब्लैक बोर्ड एवं व्हाइट बोर्ड की उपलब्धता का अवलोकन किया। विद्यालय में नामांकन के अनुरूप फर्नीचर एवं पूर्व प्राथमिक कक्षाओं में चाइल्ड फ्रेंडली फर्नीचर की व्यवस्था भी संतोषजनक पाई गई।
विद्यालय में सीसीटीवी कैमरे, एलईडी लाइट, कचरा पृथक्करण हेतु डस्टबिन, किचन गार्डन, रेन वाटर हार्वेस्टिंग एवं सोलर पैनल जैसी आधुनिक सुविधाओं का भी निरीक्षण किया गया। इसके साथ ही स्वच्छता पखवाड़ा, फील्ड विजिट एवं विद्यार्थियों के लिए संचालित अन्य नवाचार गतिविधियों की जानकारी भी ली गई।
आईसीटी एवं डिजिटल शिक्षा के तहत विद्यालय में इंटरनेट कनेक्शन, आईसीटी लैब एवं स्मार्ट क्लास का संचालन सुचारू रूप से पाया गया। स्मार्ट क्लास में ई-कंटेंट के माध्यम से विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक आधारित शिक्षा प्रदान की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान पुस्तकालय, विज्ञान प्रयोगशाला एवं खेल मैदान की व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया गया। विद्यार्थियों को पुस्तकें उपलब्ध करवाने के साथ खेल सामग्री का समुचित उपयोग किया जा रहा है। वहीं मिड डे मील योजना के तहत गुणवत्तापूर्ण भोजन एवं साप्ताहिक मेन्यू व्यवस्था भी संतोषजनक पाई गई।
इस अवसर पर विद्यालय प्रशासन ने विद्यालय की उपलब्धियों एवं संचालित गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। सीएओ अतुल खण्डेलवाल ने विद्यालय की समग्र व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने के निर्देश दिए।
पीएमश्री विद्यालय जुुंजानी बना जिले में मिसाल, सीएओ अतुल खण्डेलवाल ने की व्यवस्थाओं की सराहना
पीएमश्री विद्यालय जुुंजानी बना जिले में मिसाल, सीएओ अतुल खण्डेलवाल ने की व्यवस्थाओं की सराहना