जूनी बाली में रात्रि चौपाल व ग्राम रथ यात्रा का भव्य आयोजन, ग्रामीणों की समस्याओं पर मौके पर ही हुई सुनवाई
भीनमाल (विक्रम राठी)। विधानसभा क्षेत्र के ग्राम जूनी बाली में शुक्रवार रात आयोजित रात्रि चौपाल एवं ग्राम रथ यात्रा कार्यक्रम जनसंवाद, जनसुनवाई और जनकल्याण का सशक्त मंच बनकर उभरा। कार्यक्रम में जिला प्रभारी मंत्री, भाजपा संगठन और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष जसराज राजपुरोहित ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर सरकार की योजनाओं और संगठन की जनसेवा प्रतिबद्धता को प्रमुखता से रखा। चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भागीदारी देखने को मिली, जिससे पूरा आयोजन जनआस्था और विश्वास का केंद्र बना रहा।
कार्यक्रम जिला प्रभारी मंत्री के. के. विश्नोई, जालोर जिला कलेक्टर प्रदीप के. गवांडे एवं जिला संगठन प्रभारी महेंद्र मेघवाल के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ।
ग्रामीणों ने पानी, बिजली, सडक़, चिकित्सा, शिक्षा, कृषि और राजस्व से जुड़ी विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। इस दौरान मौके पर ही कई समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए गए, जबकि अन्य मामलों के शीघ्र निस्तारण का भरोसा दिलाया गया।
भाजपा सरकार गांव-गांव तक पहुंचा रही राहत: जसराज राजपुरोहित: कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष जसराज राजपुरोहित ने कहा कि भाजपा सरकार की प्राथमिकता अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि रात्रि चौपाल जैसे कार्यक्रमों से आमजन की समस्याओं का समाधान गांव स्तर पर ही संभव हो रहा है, जिससे लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे।
उन्होंने कहा कि ग्राम रथ यात्रा केवल प्रचार का माध्यम नहीं, बल्कि सरकार और जनता के बीच विश्वास का सेतु है। यह यात्रा किसानों, महिलाओं, युवाओं एवं जरूरतमंद परिवारों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाकर उन्हें लाभान्वित करने का कार्य कर रही है।
घोषणाएं नहीं, धरातल पर काम कर रही सरकार- प्रभारी मंत्री: जिला प्रभारी मंत्री के. के. विश्नोई ने कहा कि प्रदेश सरकार अंतिम छोर तक बैठे व्यक्ति को योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार केवल घोषणाएं नहीं कर रही, बल्कि योजनाओं को धरातल पर उतारकर आमजन को राहत पहुंचाने का काम कर रही है।
उन्होंने ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेने और प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर विकास कार्यों में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
ग्रामीणों ने सराहा प्रयास: कार्यक्रम में मौजूद ग्रामीणों ने राज्य सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि रात्रि चौपाल और ग्राम रथ यात्रा से गांवों में समस्याओं का त्वरित समाधान हो रहा है। साथ ही योजनाओं की सही जानकारी मिलने से पात्र लोगों को लाभ प्राप्त करने में आसानी हो रही है।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व ग्रामीण रहे मौजूद: कार्यक्रम में भाजपा कार्यकारिणी सदस्य दानाराम चौधरी, प्रदेश मंत्री ओबीसी मोर्चा हिंगलाजदान चारण, जिला मंत्री भरतसिंह भोजाणी, भाजपा वरिष्ठ नेता शेखर व्यास, मंडल अध्यक्ष गंगाराम माली, सांवलाराम देवासी, परबतसिंह भांडू, प्रवीण कुमार दवे, किसान नेता हीराराम चौधरी, समाजसेवी चतराराम राजपुरोहित सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी, ग्रामीणजन एवं मातृशक्ति उपस्थित रही।