अवैध वाहन मॉडिफिकेशन पर कसे शिकंजा, करें सख्त कार्रवाई:- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
दैनिक सम्राट संवाददाता
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मादक पदार्थों के कारोबार में लिप्त गिरोहों के विरूद्ध सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ड्रग तस्करों के आर्थिक तंत्र को ध्वस्त करने के लिए इन माफिया की अवैध संपत्तियों पर जब्ती, कुर्की एवं ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाए। साथ ही, पीआईटीएनडीपीएस के अंतर्गत भी संदिग्ध माफियाओं पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री ने बुधवार को मुख्यमंत्री निवास पर गृह विभाग की उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि नशे के कारोबार से जुड़े संगठित गिरोहों के छोटे-बड़े सभी नेटवर्क को ध्वस्त किया जाए। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में ड्रोन से तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए निगरानी एवं सतर्कता बढ़ाई जाए। उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों में जिला कलक्टर और पुलिस अधीक्षक द्वारा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने तथा बेहतर समन्वय के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
नशे के खिलाफ चलाएं जन-जागरूकता अभियान
मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा अपराध की जड़ है तथा समाज व परिवारों पर इसके दूरगामी दुष्प्रभाव होते हैं। इसलिए नशे के खिलाफ जन-जागरूकता के लिए प्रदेशव्यापी अभियान चलाएं तथा सामाजिक क्षेत्र की संस्थाओं के साथ जुडक़र इसे जन आंदोलन बनाएं। साथ ही, इस मुहिम में महिलाओं की भी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
वाहनों के शीशों पर काली फिल्म पर हो कड़ी कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने पुलिस, प्रशासन और परिवहन विभाग के संयुक्त अभियान के माध्यम से वाहनों में अवैध मॉडिफिकेशन कर मादक पदार्थों का परिवहन सहित अन्य गैर कानूनी गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई के लिए भी निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि वाहनों के मॉडिफिकेशन की आड़ में अपराधी कानून से बचने का प्रयास करते है। साथ ही, ऐसे वाहन सडक़ सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा है। ऐसी अवांछित गतिविधियों पर प्रभावी रोकथाम के लिए राज्यभर में व्यापक जन-जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने वाहनों पर प्रतीक लगाने एवं शीशों पर निर्धारित मानकों से अधिक काली फिल्म अथवा अन्य अपारदर्शी सामग्री पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा, अतिरिक्त मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री कार्यालय) अखिल अरोड़ा एवं अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) भास्कर ए. सावंत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
नशे के नेटवर्क को जड़ से करें ध्वस्त, ड्रग माफिया की अवैध संपत्तियों पर करें प्रहार, सीमावर्ती क्षेत्रों में रखें विशेष निगरानी एवं सतर्कता
नशे के नेटवर्क को जड़ से करें ध्वस्त, ड्रग माफिया की अवैध संपत्तियों पर करें प्रहार, सीमावर्ती क्षेत्रों में रखें विशेष निगरानी एवं सतर्कता