'धुरंधर (2025)' और 'धुरंधर: द रिवेंज (2026)' की बॉक्स ऑफिस पर ऐतिहासिक सफलता के बाद फिल्म के पार्ट 3 को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
ANI से बातचीत के दौरान राकेश बेदी से धुरंधर 3 को लेकर सवाल किया गया। इस पर उन्होंने कहा कि उन्होंने भी फिल्म को लेकर कई बातें सुनी हैं, लेकिन उनके पास ऐसी कोई खबर नहीं है।
उन्होंने कहा, ‘धुरंधर 3 बन रही है या नहीं, अगर बन रही है तो मैं उसका हिस्सा हूं या नहीं, मुझे इसकी कोई जानकारी नहीं है।’
राकेश बेदी ने आगे कहा कि अगर उन्हें इस बारे में कोई जानकारी मिलेगी, तो वह इसकी घोषणा जरूर करेंगे।
बता दें कि फिल्ममेकर आदित्य धर की एक्शन-थ्रिलर फ्रेंचाइजी 'धुरंधर' और 'धुरंधर 2' में राकेश बेदी ने पाकिस्तानी राजनेता जमील जमाली का किरदार निभाया था। उनका यह रोल लोगों को बहुत ज्यादा पसंद आया।

भारत की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म
धुरंधर 2 ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई करते हुए भारत में दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनने का रिकॉर्ड बनाया।
सैकनिल्क के मुताबिक, फिल्म ने भारत में करीब ₹1148 करोड़ नेट कलेक्शन और दुनियाभर में लगभग ₹1812 करोड़ ग्रॉस कमाई की है। ग्रॉस कलेक्शन टिकट से कुल कमाई और नेट कलेक्शन टैक्स के बाद की कमाई होती है।