जयपुर। स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप (एसओजी) ने भर्ती परीक्षाओं में ब्लूटूथ डिवाइस के जरिए नकल कराने वाले गिरोह के एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी राजेश कुमार रेवाड पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित था और वह पिछले डेढ़ साल से फरार चल रहा था। उस पर दो सार्वजनिक परीक्षाओं में ब्लूटूथ डिवाइस के माध्यम से नकल कराने का आरोप है।
एडीजी एसओजी विशाल बंसल ने बताया कि आरोपी राजेश कुमार रेवाड (39) चूरू के रूखासर का रहने वाला है। राजेश कुमार रेवाड ने राजस्थान हाईकोर्ट (जोधपुर) और लिपिक ग्रेड-द्वितीय सीधी भर्ती संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा-2022 में भी नकल करवाई थी। यह परीक्षा 12 मार्च 2023 और 19 मार्च 2023 को आयोजित की गई थी।
आरोपी का परीक्षा केंद्र नेहरू ज्योति सीनियर सेकेंडरी स्कूल (जयपुर) था। एसओजी ने आरोपी को पकडऩे के लिए एक विशेष टीम का गठन किया था, जिसने तकनीकी और मानवीय खुफिया जानकारी का उपयोग करके आरोपी को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी ने ब्लूटूथ डिवाइस के माध्यम से कई अभ्यर्थियों को नकल करवाई थी। एसओजी मामले की आगे जांच कर रही है।
सालासर से संचालित हो रहा था नकल का नेटवर्क: जांच में सामने आया कि संगठित नकल गिरोह के मुख्य आरोपी पौरव कालेर ने सालासर से मोबाइल फोन के जरिए राजेश को परीक्षा केंद्र में ब्लूटूथ डिवाइस से प्रश्नों के उत्तर बताए थे। इसी तरह आरोपी ईओ/आरओ भर्ती परीक्षा 2022, जो 14 मई 2023 को आयोजित हुई थी, उसमें भी ब्लूटूथ के जरिए नकल करते पाया गया।
एसओजी की जांच में यह भी खुलासा हुआ था कि पेपर लीक सरगना पौरव कालेर और उसके चाचा तुलछाराम कालेर ने कई अभ्यर्थियों से लाखों रुपए में सौदा तय कर ब्लूटूथ डिवाइस के जरिए नकल करवाई थी। मामले के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद राज्य सरकार ने ईओ/आरओ भर्ती परीक्षा रद्द कर दी थी।
डेढ़ साल से फरार, पत्नी भी गिरफ्तार: पुलिस के अनुसार आरोपी राजेश रेवाड दोनों मामलों में वांछित था और पिछले करीब डेढ़ साल से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए एसओजी जयपुर ने 25,000 रुपए का इनाम घोषित किया हुआ था। उसकी पत्नी बबीता रेवाड को भी 19 अक्टूबर 2024 को इसी मामले में ब्लूटूथ डिवाइस से नकल कराने के आरोप में गिरफ्तार किया जा चुका है।
एसओजी की जांच जारी: कनिष्ठ श्रेणी लिपिक (ग्रेड-।।) परीक्षा में ब्लूटूथ डिवाइस से नकल के आरोप प्रमाणित पाए जाने पर एसओजी थाना के एडिशनल एसपी प्रकाश कुमार शर्मा ने आरोपी राजेश कुमार रेवाड को शुक्रवार को गिरफ्तार किया। एसओजी अब आरोपी राजेश रेवाड और नकल गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की विस्तृत भूमिका, आर्थिक लेन-देन और नेटवर्क की कडिय़ों की जांच में जुटी हुई है।
25 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तर, भर्ती परीक्षाओं में ब्लूटूथ से कराता था नकल
25 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तर, भर्ती परीक्षाओं में ब्लूटूथ से कराता था नकल