12वीं बोर्ड परिणाम में छात्राओं का दबदबा, शिला गोस्वामी ने साइंस में 94.20 प्रतिशत अंक हासिल किए
दैनिक सम्राट संवाददाता
भीनमाल (विक्रम राठी)। 12वीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम मंगलवार को घोषित हुआ, जिसमें इस बार भी छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। जिले के निकटवर्ती पहाड़पुरा गांव की प्रतिभाशाली छात्रा शिला गोस्वामी ने विज्ञान वर्ग में 94.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
शिला गोस्वामी चाणक्य विद्यापीठ उच्च माध्यमिक विद्यालय, पावली की छात्रा है। परिणाम घोषित होते ही उसके घर में खुशी का माहौल छा गया। परिजनों और शुभचिंतकों ने मिठाई खिलाकर व बधाई देकर उसकी सफलता का जश्न मनाया।
शिला ने अपनी सफलता का राज बताते हुए कहा कि उसने नियमित रूप से प्रतिदिन 7 से 8 घंटे अध्ययन किया। मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के बल पर ही वह यह मुकाम हासिल कर पाई। उसने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय विद्यालय स्टाफ, परिवारजनों और विशेष रूप से अपने चाचा करण गिरी को दिया, जिन्होंने उसे निरंतर पढ़ाई के लिए प्रेरित किया।
शिला का सपना भविष्य में प्रशासनिक सेवा में जाकर देश और समाज की सेवा करना है। उसकी इस सफलता से गांव सहित पूरे क्षेत्र में गर्व और उत्साह का माहौल है। विद्यालय के डायरेक्टर नरेश पटेल व निर्देशक हरीश पटेल सहित विद्यालय स्टाफ ने शिला का माला व साफा पहनाकर सम्मान किया और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।