नई दिल्ली। लखनऊ सुपर जायंट्स ने रविवार को आईपीएल-2026 में जीत का स्वाद चख लिया है। ऋषभ पंत की कप्तानी वाली इस टीम ने उप्पल स्टेडियम में खेले गए मैच में मेजबान सनराइजर्स हैदराबाद को पांच विकेट से हरा दिया। हैदराबाद ने बड़ी मुश्किल से 20 ओवरों में नौ विकेट खोकर 156 रन बनाए थे। लखनऊ ने इस लक्ष्य को एक गेंद पहले पांच विकेट खोकर हासिल कर लिया।
ये लखनऊ की दो मैचों में पहली जीत है। उसे अपने पहले मैच में दिल्ली कैपिटल्स के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। वहीं हैदराबाद की ये तीन मैचों में दूसरी हार है। उसे पहले मैच में आरसीबी ने मात दी थी जबकि दूसरे मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ उसे जीत मिली थी।
हैदराबाद के धुरंधर फेल
हैदराबाद से इस मैच में तूफानी बैटिंग की उम्मीद थी। ये मैच उसके घर में खेला जा रहा जहां रनों की बारिश होती, लेकिन मोहम्मद शमी के अनुभव ने सारा काम बिगाड़ दिया। उन्होंने हैदराबाद के दोनों तूफानी बल्लेबाजों को शुरुआत में ही चलता कर दिया। पहले ओवर की आखिरी गेंद पर उन्होंने अभिषेक शर्मा को आउट किया जो खाता तक नहीं खोल पाए। उनके बाद तीसरे ओवर की पहली गेंद पर ट्रेविस हेड को मार्करम के हाथों कैच कराया। वह सात रन ही बना सके।
कप्तान ईशान किशन ने भी आज निराश किया। प्रिंस यादव की गेंद पर वह बोल्ड हो गए। इस मैच में टीम में आए लियाम लिविंगस्टन भी कुछ खास नहीं कर सके। 20 गेंदों पर 14 रन बनाने वाले इस बल्लेबाज की पारी का अंत दिग्वेश राठी ने किया। 10 ओवरों के बाद हैदराबाद का स्कोर चार विकेट के नुकसान पर 35 रन था। यहां से किसी बड़े स्कोर की उम्मीद नहीं थी बल्कि डर ये था कि क्या टीम 100 के पार जा पाएगी या नहीं?
नीतीश और क्लासेन ने संभाली पारी
फिर नीतीश और क्लासेन ने टीम को संभाला और तेजी से रन बनाने शुरू किए। दोनों ने लखनऊ के गेंदबाजों को जमकर मारा। राठी की मिस्ट्री स्पिन भी इन दोनों को रोक नहीं पाई। दोनों ही बल्लेबाजों ने अपने अर्धशतक पूरे कर लिए थे और हैदराबाद का स्कोर आसानी से 170 के पार जाता दिख रहा था।
लखनऊ ने पलटी बाजी
तभी लखनऊ के गेंदबाजों ने फिर से बाजी पलट दी। पंत ने सिद्धार्थ को गेंद थमाई जिन्होंने 18वें ओवर की चौथी गेंद पर नीतीश को प्रिंस के हाथों डीप कवर पर आउट करा दिया। नीतीश ने 33 गेंदों पर तीन चौके और पांच छक्कों की मदद से 56 रन लिए। लेकिन असली बाजी पलटी आवेश खान ने। आवेश ने अगले ओवर की पहली गेंद पर क्लासेन को आउट किया। क्लासेन ने रिवर्स शॉट खेला जिस पर पंत ने उनका शानदार कैच लपका। इस बल्लेबाज ने 41 गेंदों पर पांच चौके और दो छक्कों की मदद से 62 रन बनाए। अगली गेंद पर हर्ष दुबे को भी उन्होंने बोल्ड कर दिया।
यहां हैदराबाद को आखिरी के ओवरों में जिस रफ्तार से रन बनाने थे वो वह बना नहीं पाई और 15-20 रन शॉर्ट रह गई।
इसका फायदा लखनऊ को मिला जिसने आसानी से टारगेट हासिल कर लिया। हालांकि, उसे भी शुरुआत में झटका लग गया था। पांचवें ओवर की चौथी गेंद पर ईशान मलिंगा ने मिचेल मार्श को पवेलियन की राह दिखाई। वह 12 गेंदों पर 14 रन ही बना सके।
कप्तान पंत ने निभाई जिम्मेदारी
तीसरे नंबर पर आए कप्तान पंत ने मार्करम के साथ मिलकर टीम को आगे ले जाना शुरू किया। पावरप्ले में लखनऊ ने एक विकेट के नुकसान पर 53 रन बनाकर अपने आप को दबाव से मुक्त कर लिया था। मार्करम अपने अर्धशतक की तरफ जा रहे थे तभी 10वें ओवर की दूसरी गेंद पर शिवांग कुमार ने उनकी पारी का अंत कर दिया। मार्करम बाउंड्री पर लिविंगस्टन के हाथों लपके गए। उन्होंने 27 गेंदों पर छह चौके और दो छक्कों की मदद से 45 रन बनाए।
उनके बाद आए आयुष बडोनी ज्यादा जल्दबाजी करने में हर्ष दुबे की गेंद पर स्टम्प आउट हो गए। उन्होंने नौ गेंदों पर 12 रन बनाए। निकोलस पूरन भी कुछ खास नहीं कर पाए और एक रन बनाकर रन आउट हो गए। अब्दुल समद ने पंत का साथ दिया और 16 रन बनाते हुए टीम को जीत के करीब ले गए।
18वें ओवर की चौथी गेंद पर वह आउट हो गए। उनके आउट होने के बाद मैच फंसता दिख रहा था क्योंकि हर्षल पटेल ने सिर्फ चार रन ही दिए थे। आखिरी ओवर में लखनऊ को जीत के लिए नौ रन चाहिए थे और पंत ने तीन चौके मार अपनी टीम को जीत दिलाई। पंत ने 50 गेंदों का सामना करते हुए नौ चौके मारे। उन्होंने एक भी छक्का नहीं मारा।