Dainik Samrat Logo
🔗
💬 WhatsApp 📘 Facebook 🐦 Twitter
7 अप्रैल 2026
Epaper
ब्रेकिंग

अमित शाह ने की ईसाई समुदाय से अपील, केरलम में सरकार बनाने में मदद करने का अनुरोध किया

अमित शाह ने की ईसाई समुदाय से अपील, केरलम में सरकार बनाने में मदद करने का अनुरोध किया
अमित शाह ने की ईसाई समुदाय से अपील, केरलम में सरकार बनाने में मदद करने का अनुरोध किया

 नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को ईस्टर के अवसर पर ईसाई समुदाय से संपर्क कर उनसे भाजपा के नेतृत्व वाले राजग के साथ खड़े होने केरलम और 9 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनावों में केरलम में सरकार बनाने में मदद करने का अनुरोध किया है।

शाह ने कहा कि आगामी केरलम विधानसभा चुनाव केवल सरकार बदलने के लिए नहीं है, बल्कि राज्य के भविष्य को सुधारने के लिए हैं और अब राज्य में भाजपा के नेतृत्व वाले मोर्चे की सरकार बनाने का समय आ गया है।

ईस्टर पर ईसाई समुदाय को दीं शुभकामनाएं

कुन्नाथुनाडु में अमित शाह ने कहा कि 2014 के लोकसभा चुनावों के बाद से केरलम में राजग का वोट शेयर बढ़ा है। उन्होंने ईस्टर पर ईसाई समुदाय को शुभकामनाएं दीं और उनसे राजग का समर्थन करने की अपील की ताकि केरलम में सरकार बनाई जा सके।

उन्होंने कहा, "मैं अपने ईसाई समुदाय के भाइयों और बहनों से अपील करता हूं कि वे राजग के साथ खड़े हों और एक समृद्ध केरल बनाने में मदद करें।" उनकी अपील उस समय आई है जब ईसाई प्रभुत्व वाले राज्य केरलम में ईसाई समुदाय के बीच केंद्र द्वारा विदेशी योगदान (नियमन) अधिनियम (एफसीआरए) में हालिया संशोधनों को लेकर चिंताएं हैं।

केरलम के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन पर कटाक्ष कर उन्होंने कहा कि मार्क्सवादी नेता ने नाम बदलने का नया स्टार्टअप शुरू किया है। विजयन राज्य में सभी केंद्रीय वित्त पोषित परियोजनाओं के नाम बदलते हैं ताकि उनका श्रेय ले सकें।

रोड शो में बरसे फूल

अमित शाह ने कोझिकोड में मैथोट्टम बिजिथ जंक्शन से नदुवट्टम तक रोड शो किया, जहां भाजपा के सैकड़ों समर्थक दोनों तरफ केसरिया टोपी पहन पार्टी के झंडे लेकर खड़े थे। फूलों से सजे खुले वाहन पर शाह सबका अभिवादन स्वीकार रहे थे। ढोल की थाप पर गृह मंत्री ने लोगों पर फूलों की वर्षा की।

पुडुचेरी में विशाल समर्थनः नितिन नवीन

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पुडुचेरी के थिरुनल्लार में रोड शो में कहा कि 9 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए राजग के प्रति लोगों में विशाल समर्थन की लहर है। नवीन ने कहा, "पुडुचेरी ने विकास के मार्ग को दृढ़ता से चुना है।" जीएनएस राजासेकरन थिरुनल्लार के भाजपा उम्मीदवार हैं।

केरलम में प्रवेश के लिए निमोम में होगा त्रिकोणीय मुकाबला

केरलम विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी का प्रवेश द्वार माने जाने वाले निमोम विधानसभा क्षेत्र में 2026 के चुनावों में एलडीएफ, यूडीएफ और भाजपा नीत एनडीए के बीच त्रिकोणीय मुकाबले का गवाह बनने के लिए तैयार है।

केरलम के शिक्षा मंत्री व माकपा के नेता वी. शिवांकुट्टी ने निमोम सीट को बनाए रखने का प्रयास किया है। शिवांकुट्टी ने पहले 2016 में भाजपा नेता ओ. राजगोपाल के खिलाफ यह सीट खो दी थी, जो राज्य में भाजपा की पहली विधानसभा जीत थी।

शिवांकुट्टी ने 2021 के चुनावों में यह सीट पुनः प्राप्त की और अब उन्हें केरलम भाजपा के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर से मजबूत चुनौती मिल रही है। माकपा 2021 में सीट पर पुनः काबिज हुई, लेकिन भाजपा ने दो विधानसभा चुनावों में मजबूत प्रदर्शन किया है।