150 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ी युवती, साढ़े पांच घंटे बाद उतरी
बयाना (भरतपुर)। भरतपुर में युवक से शादी करवाने की जिद में युवती 150 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। करीब साढ़े पांच घंटे तक युवती टावर पर ही है। मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। पुलिस भी मौके पर पहुंचकर युवती को समझाने में जुटी रही, जिसके बाद युवती नीचे उतरी।
गांव के युवक से लव मैरिज की इच्छा
मामला जिले के बयाना थाना क्षेत्र के एक गांव में सोमवार सवेरे करीब 6 बजे का है। सदर थाना प्रभारी शैलेंद्र कुमार ने बताया- युवती गांव के ही युवक मोनू चौधरी से प्रेम करती है। युवती मोनू से शादी करना चाहती है। मामला इंटरकास्ट मैरिज का है। परिजनों को रिश्ता नहीं मंजूर यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है। युवती अंतर्जातीय विवाह करना चाहती है, लेकिन उसके परिजन इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं हैं।
ऐसे में युवक से शादी करने की जिद में युवती सोमवार सुबह गांव के 150 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती के टावर पर चढऩे की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। करीब साढ़े पांच घंटे बाद करीब 11.30 बजे युवती नीचे उतर गई। मौके पर मौजूद नायब तहसीलदार वैशाली धाकड़ ने युवती को समझाने में अहम भूमिका निभाई। पुलिस युवती का स्वास्थ्य परीक्षण कराने के लिए हॉस्पिटल ले गई है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन भी सक्रिय हो गया। बयाना के एसडीएम दीपक मित्तल और एडिशनल एसपी हरिराम कुमावत मौके पर पहुंचे। एसडीआरएफ, सिविल डिफेंस की टीमें और एंबुलेंस भी अलर्ट पर रखी गई थी।
