दैनिक सम्राट संवाददाता
चाकसू (लोकेश कुमार गुप्ता)। उपखण्ड क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। अब उन्हें सोनोग्राफी कराने के लिए महंगे निजी अस्पतालों या निजी लेबों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उप जिला अस्पताल चाकसू में ही अब निशुल्क सोनोग्राफी की सुविधा शुरू कर दी गई है। इस पहल से ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की महिलाओं को विशेष लाभ मिलेगा।उप जिला अस्पताल के पीएमओ डॉ. रितुराज मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि अस्पताल में गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यह सुविधा प्रारंभ की गई है। उन्होंने कहा कि गर्भावस्था के दौरान समय-समय पर सोनोग्राफी कराना बेहद आवश्यक होता है, जिससे मां और गर्भस्थ शिशु के स्वास्थ्य की सही जानकारी मिलती है। अब यह सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होने से महिलाओं को बेहतर और समय पर उपचार मिल सकेगा।
अस्पताल पीएमओ डॉ रितुराज मीणा ने मिडिया को बताया कीयह निशुल्क सोनोग्राफी सेवा सप्ताह में दो दिन—बुधवार और शुक्रवार को उपलब्ध रहेगी। इसका समय प्रात: 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक निर्धारित किया गया है। सोनोग्राफी की सुविधा अस्पताल के कमरा नंबर 47 में उपलब्ध कराई जाएगी, जहां प्रशिक्षित चिकित्सा कर्मियों द्वारा जांच की जाएगी।
डॉ. मीणा ने बताया कि पहले कई महिलाओं को सोनोग्राफी के लिए निजी लैब में जाना पड़ता था, जहां उन्हें काफी अधिक शुल्क देना पड़ता था। आर्थिक तंगी के कारण कई बार महिलाएं समय पर जांच नहीं करवा पाती थीं, जिससे स्वास्थ्य संबंधी जोखिम बढ़ जाता था। अब इस नई व्यवस्था से महिलाओं को समय पर जांच और आवश्यक चिकित्सा सलाह मिल सकेगी। उप जिला अस्पताल पीएमओ डॉ रितुराज मीणा ने उपखण्ड क्षेत्र की सभी गर्भवती महिलाओं से अपील की है कि वे निर्धारित दिनों में अस्पताल पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाएं और नियमित जांच करवाकर अपने और अपने शिशु के स्वास्थ्य का ध्यान रखें।
उप जिला अस्पताल चाकसू में गर्भवती महिलाओं के लिए निशुल्क सोनोग्राफी सुविधा शुरू
उप जिला अस्पताल चाकसू में गर्भवती महिलाओं के लिए निशुल्क सोनोग्राफी सुविधा शुरू