कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने शनिवार को सरकार पर इंस्टाग्राम अकाउंट हैक करने और वेबसाइट बंद करने का आरोप लगाया। पार्टी ने सुबह 8.25 बजे X पोस्ट में बताया कि CJP का इंस्टाग्राम अकाउंट एक्सेस नहीं कर पा रहे हैं।
इसके बाद पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने दोपहर 1.14 बजे X पर कहा- सरकार ने हमारी वेबसाइट बंद कर दी है। उस पर 10 लाख लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। 6 लाख लोगों ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग वाली याचिका पर साइन किए थे।
अभिजीत ने लिखा-

सरकार कॉकरोच से इतनी डरी हुई क्यों है? लेकिन यह तानाशाही रवैया भारत के युवाओं की आंखें खोल रहा है। आप अकाउंट को हैक करके उन पर रोक लगा सकते हैं, लेकिन आप इस आंदोलन को हैक नहीं कर सकते।

इधर, पर्यावरणविद और शिक्षाविद सोनम वांगचुक ने ‘कॉकरोच मूवमेंट’ का समर्थन किया है। उन्होंने न्यूज एजेंसी PTI से कहा- मैं न बेरोजगार हूं, न आलसी, इसलिए पार्टी का सदस्य नहीं बन सकता। लेकिन मैं खुद को ऑनरेरी कॉकरोच मानता हूं।'
8 दिन में CJP के इंस्टाग्राम पर 2 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स
सोशल मीडिया पर CJP के अकाउंट बनने के बाद 8 दिनों के दौरान इंस्टाग्राम पर दोपहर 2 बजे तक 2 करोड़ 20 लाख फॉलोअर्स हो चुके हैं। X पर पहला अकाउंट ब्लॉक हो गया था। 21 मई को नया अकाउंट बना और उस पर भी फॉलोअर्स की संख्या 2 लाख पार हो चुकी है।
CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने शुक्रवार को दावा किया था कि उन्हें वॉट्सएप पर जान से मारने की धमकियां मिली हैं।
22 मई: ऑनलाइन पिटीशन जारी की, धर्मेन्द्र प्रधान का इस्तीफा मांगा
- CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने शुक्रवार को दावा किया था कि उन्हें वॉट्सएप पर जान से मारने की धमकियां मिली हैं। उन्होंने स्क्रीन शॉट भी शेयर किए हैं। इसके अलावा दीपके कल पहली ऑनलाइन पिटीशन लेकर आए। इसमें उन्होंने NEET पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षामंत्री धर्मेन्द्र प्रधान का इस्तीफा मांगा। शनिवार सुबह 10 बजे तक ऑनलाइन पिटीशन में 5 लाख 68 हजार से ज्यादा लोग साइन कर चुके हैं।
- अभिजीत दीपके ने बताया कि उन्हें जान से मारने की धमकी दी जा रही है। उन्होंने स्क्रीन शॉट भी शेयर किए हैं। इसके अलावा दीपके कल पहली ऑनलाइन पिटीशन लेकर आए।
- ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम के अधिकार पाने के लिए तीन अलग-अलग ट्रेडमार्क आवेदन दाखिल हुए हैं। ट्रेडमार्क रजिस्ट्री पोर्टल पर दाखिल आवेदनों में राजनीतिक और सामाजिक सेवाएं देने वाली श्रेणी के तहत ट्रेडमार्क रजिस्ट्रेशन मांगा गया है। ये आवेदन अजीम आदमभाई जम, अखंड स्वरूप और ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम की एक प्रोपराइटरशिप फर्म की ओर से दाखिल किए गए हैं।
- अभिजीत के पिता भगवान और मां अनीता दीपके ने कहा- आज का माहौल देखकर डर लगना स्वाभाविक है। चाहे उसके कितने भी फॉलोअर्स क्यों न हों। उसने खुद भी भारत लौटने पर गिफ्तार होने का डर जाहिर किया है।
21 मई: X अकाउंट बंद हुआ तो नया बनाया
CJP का X अकाउंट ब्लॉक कर दिया गया था। जब पुराना अकाउंट बंद हुआ, तब 1.93 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स थे। संगठन ने कुछ देर बाद नया अकाउंट बनाया। इसका नाम ‘कॉकरोच इज बैक’ रखा गया और बायो में लिखा- कॉकरोच डोंट डाय, यानी कॉकरोच मरते नहीं।