Dainik Samrat Logo
🔗
💬 WhatsApp 📘 Facebook 🐦 Twitter
19 मई 2026
Epaper

जैसलमेर में बनेगा देश का सबसे बड़ा ‘ग्रीन एनर्जी हब’, यूएई सरकार करीब 3 लाख करोड़ रुपए का निवेश करेगी

जैसलमेर में बनेगा देश का सबसे बड़ा ‘ग्रीन एनर्जी हब’, यूएई सरकार करीब 3 लाख करोड़ रुपए का निवेश करेगी
जैसलमेर में बनेगा देश का सबसे बड़ा ‘ग्रीन एनर्जी हब’, यूएई सरकार करीब 3 लाख करोड़ रुपए का निवेश करेगी

दैनिक सम्राट संवाददाता
जैसलमेर।
जैसलमेर में देश का सबसे बड़ा ग्रीन एनर्जी हब बनेगा। भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे घोटारू क्षेत्र में 60 गीगावाट क्षमता का सोलर, विंड और हाइब्रिड एनर्जी प्रोजेक्ट विकसित होगा। इसके लिए यूएई सरकार करीब 3 लाख करोड़ रुपए का निवेश करेगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हाल ही में अबू धाबी यात्रा के बाद इस प्रोजेक्ट को अंतिम रूप दिया गया है। करीब 1.50 लाख हेक्टेयर जमीन पर बनने वाला यह प्रोजेक्ट पश्चिमी राजस्थान में बड़े स्तर पर रोजगार पैदा होंगे।
अब यूएई की ओर से जल्द ही प्रोजेक्ट के लिए डेवलपर नियुक्त किए जाने की तैयारी है। प्रोजेक्ट से तैयार होने वाली बिजली खपत के अनुसार 4 करोड़ घरों के लिए पर्याप्त होगी।
600 करोड़ की सिक्योरिटी राशि की प्रक्रिया जारी
इस प्रोजेक्ट को धरातल पर उतारने के लिए राजस्थान अक्षय ऊर्जा निगम की ओर से करीब 600 करोड़ रुपए की सुरक्षा राशि मांगी गई है। इसकी प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। सीमावर्ती क्षेत्र में अब परियोजना को शुरू करने की तैयारियां चल रही है।
इस ऐतिहासिक समझौते पर दिसंबर 2024 में हस्ताक्षर किए गए थे। जयपुर में आयोजित ‘राइजिंग राजस्थान’ ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट 2024 के प्री-इवेंट के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मौजूदगी में 3 लाख करोड़ रुपए के इस एमओयू पर आधिकारिक मुहर लगी थी। समझौते पर यूएई के निवेश मंत्री मोहम्मद हसन अल सुवाइदी और राजस्थान के उद्योग सचिव अजीताभ शर्मा ने हस्ताक्षर किए थे। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस महीने हुई अबू धाबी यात्रा के दौरान दोनों देशों के शीर्ष नेतृत्व ने इस क्लीन एनर्जी प्रोजेक्ट को फास्ट-ट्रैक पर डालते हुए अंतिम रूप दे दिया है।
यूएई खुद करेगा सरकारी 
फंड से निवेश
आमतौर पर विदेशी निवेश निजी मल्टीनेशनल कंपनियों के जरिए आता है, लेकिन इस बार यूएई सरकार सीधे अपने सरकारी फंड से निवेश करेगी। इसके बाद अब यूएई की ओर से जल्द ही प्रोजेक्ट के लिए डेवलपर नियुक्त किए जाने की तैयारी की जा रही है।
2030 के राष्ट्रीय लक्ष्य में मिलेगी मदद
वर्तमान में जैसलमेर जिले में सोलर और विंड एनर्जी से करीब 11 से 12 गीगावाट बिजली उत्पादन हो रहा है। इसमें 7 से 8 गीगावाट सौर ऊर्जा और करीब 4 गीगावाट पवन ऊर्जा शामिल है। केंद्र सरकार ने साल 2030 तक देश में 500 गीगावाट गैर-जीवाश्म ऊर्जा क्षमता हासिल करने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए राजस्थान को अकेले 250 गीगावाट सोलर क्षमता विकसित करनी होगी। यूएई के साथ हुई यह साझेदारी इस राष्ट्रीय लक्ष्य को हासिल करने में अहम भूमिका निभाएगी।
घोटारू क्षेत्र में लगेंगे सोलर और विंड प्रोजेक्ट
परियोजना के तहत घोटारू क्षेत्र में 60 गीगावाट क्षमता के अक्षय ऊर्जा प्रोजेक्ट स्थापित किए जाएंगे। इसमें बड़े स्तर पर सोलर प्लांट, विंड मिल और हाइब्रिड एनर्जी प्रोजेक्ट लगाए जाएंगे। परियोजना के लिए जैसलमेर में करीब 1.50 लाख हेक्टेयर यानी 3.7 लाख एकड़ जमीन चिन्हित की गई है।