नौतपा 25 मई से 2 जून तक रहने की उम्मीद
दैनिक सम्राट संवाददाता
नई दिल्ली/जयपुर। उत्तर भारत में भीषण गर्मी का सितम जारी है। दिन के समय अगर घर से बाहर निकलना पड़े तो ऐसा लगता है कि किसी ने विशान ओवन चला दिया है। इसके पीछे कारण है नौतपा। यह शब्द फिर से एक बार सुनाई देने लगा है।
हर साल, जैसे ही मई के आखिर और जून की शुरूआत के बीच उत्तरी और मध्य भारत में तापमान तेजी से बढ़ता है, यह पारंपरिक शब्द फिर से चर्चा में आ जाता है। यह उस समय को बताता है कि जिसे आम तौर पर मॉनसून आने से पहले गर्मियों का सबसे कठिन दौर माना जाता है।
इस साल, नौतपा 25 मई से 2 जून तक चलने की उम्मीद है, जिससे कई राज्यों में भीषण लू, सूखी हवाएं और दिन के तापमान में भारी बढ़ोतरी होगी। इस साल इसका समय खास तौर पर चिंताजनक है, क्योंकि नौतपा एक शक्तिशाली सुपर एल-नीनो चरण के बचे हुए प्रभावों के साथ मेल खाता है, जिसने वैश्विक तापमान को काफी बढ़ा दिया है।
सबसे ज्यादा असर उत्तरी और मध्य भारत पर
नौतपा का सबसे ज्यादा असर आमतौर पर उत्तरी और मध्य भारत में महसूस किया जाता है, खासकर राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में। राजस्थान में भीषण गर्मी का कहर तेजी से बढ़ता जा रहा है। नौतपा की शुरुआत हो चुकी है, जिसकी वजह से पूरे प्रदेश में सूर्य की तपिश लोगों को बेहाल कर रही है। जयपुर, सीकर, उदयपुर समेत विभिन्न शहरों में गर्मी का टॉर्चर शुरू हो गया है। दिन के समय सडक़ों पर निकलना मुश्किल हो रहा है, जबकि रातें भी राहत देने के बजाय उमस भरी गर्मी से भरी हुई हैं। मौसम विभाग ने स्पष्ट चेतावनी जारी की है कि अब गर्मी और भी सताएगी। आज से शुरू हुए नौतपा के दौरान तापमान में लगातार वृद्धि देखी जा रही है, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। खासकर 26 और 27 मई को कई जिलों में पारा 47 डिग्री या उससे भी ऊपर पहुंचने की आशंका जताई गई है।
लू के थपेड़े करेंगे परेशान
इस दौरान हीटवेव के तेज थपेड़े लोगों को और परेशान करेंगे। पिछले 24 घंटों में श्रीगंगानगर सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 46 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी तापमान 44 डिग्री से ऊपर रहा, जिसने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. किसान, मजदूर और छोटे व्यापारी खासतौर पर इस भीषण गर्मी से प्रभावित हो रहे हैं। मौसम विभाग ने पूरे राजस्थान में सतर्कता बरतने की अपील की है। 21 शहरों के लिए हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें अलवर, बारां, भरतपुर, चित्तौडग़ढ़, दौसा, डीग, धौलपुर, झालावाड़, झुंझनू, करौली, खैरथल तिजारा, कोटपुतली बहरोड़, कोटा, प्रतापगढ़, सवाई माधोपुर, बालोतरा, बाड़मेर, चूरू, हनुमानगढ़, जोधपुर और श्रीगंगानगर शामिल हैं। वहीं तीन शहरों—बीकानेर, जैसलमेर और फलोदी में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां स्थिति और भी गंभीर मानी जा रही है।
पहले दिन ही दिखा नौतपा का असर भट्टी सा तप रहा देश-प्रदेश
पहले दिन ही दिखा नौतपा का असर भट्टी सा तप रहा देश-प्रदेश