दैनिक सम्राट संवाददाता
नई दिल्ली। दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को भारतीय सिनेमा में उनके शानदार योगदान के लिए मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया है। 25 मई को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में आयोजित हुए पद्म पुरस्कार 2026 समारोह में धर्मेंद्र को मिले सम्मान को उनकी पत्नी हेमा मालिनी ने रिसीव किया। अपने दिवंगत पति के लिए इस सम्मान को लेते वक्त हेमा मालिनी भावुक नजर आईं। इस दौरान उनकी बेटी अहाना भी अपने पति वैभव वोहरा के साथ शामिल हुईं। पिता के लिए मां को अवॉर्ड लेते देख वो अपने आंसू नहीं रोक पाईं। उनके पति उन्हें संभालते हुए दिखे।
पद्म पुरस्कारों की आधिकारिक वेबसाइट पर धर्मेंद्र को हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के इतिहास के सबसे बहुमुखी और सफल अभिनेताओं में से एक बताया गया है। उन्हें बॉलीवुड के ही-मैन के नाम से लोकप्रिय पहचान मिली। वेबसाइट के अनुसार, उन्होंने अपनी करीब 300 फिल्मों के जरिए भारतीय सिनेमा पर अमिट छाप छोड़ी। इससे पहले धर्मेंद्र को साल 2012 में पद्म भूषण से भी सम्मानित किया जा चुका था।
महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत को पद्मश्री से सम्मानित किया गया। उनकी लीडरशिप में इसी साल टीम ने वनडे वल्र्डकप जीता था। साल 2026 में कुल 131 हस्तियों को पद्म पुरस्कार दिए जाने हैं, 65 विजेताओं को अगले फेज में सम्मानित किया जाएगा, जिसकी तारीखें अभी सामने नहीं आई हैं।
पुडुचेरी के प्रसिद्ध सिलंबम गुरु के. पजनीवेल को भारत में पारंपरिक मार्शल आर्ट में उनके योगदान के लिए पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया। सम्मान लेने जाने से पहले उन्होंने जमीन पर लेटकर पीएम मोदी को प्रणाम किया। कला के क्षेत्र में दिग्गज मलयालम अभिनेता ममूट्टी, मशहूर प्लेबैक सिंगर अलका याग्निक और विज्ञापन जगत के दिग्गज पीयूष पांडे (मरणोपरांत) को पद्म भूषण से सम्मानित किया गया।
एक्टर धर्मेन्द्र को मरणोपरांत पद्म विभूषण, महिला क्रिकेटर हरमनप्रीत को पद्मश्री
एक्टर धर्मेन्द्र को मरणोपरांत पद्म विभूषण, महिला क्रिकेटर हरमनप्रीत को पद्मश्री