नई दिल्ली। युवा बल्लेबाज प्रियांश आर्य (93) की विस्फोटक बल्लेबाजी और ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज कूपर कोनोली (87) की शानदार पारी की बदौलत पंजाब किंग्स ने आईपीएल 2026 के 29वें मुकाबले में रविवार को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के विरुद्ध छह विकेट पर 254 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
यह आईपीएल के 19वें सीजन में एक पारी का सर्वाधिक स्कोर है। इससे पहले रॉयल चैलेंजर्सं बेंगलुरु ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 250 रन बनाए थे। इसके अलावा यह पंजाब का आईपीएल में दूसरा सर्वाधिक स्कोर है। इससे पहले पंजाब ने 2024 में कोलकाता के खिलाफ 262 रन बनाए थे।
मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 255 रन चेज करने उतरी लखनऊ की टीम 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 200 रन ही बना सकी। पंजाब ने 54 रन से यह मुकाबला अपने नाम किया। मौजूदा सीजन में पंजाब की यह 5वीं जीत है।
6 मैच खेल चुकी पंजाब 11 अंकों के साथ प्वाइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई है। श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम ने अब तक कोई मैच नहीं गंवाया है। पंजाब-कोलकाता का मैच रद हुआ था। इसके साथ ही पंजाब किंग्स आईपीएल के किसी भी सीजन के पहले 6 मैचों में अपराजित रहने वाली पहली टीम बन गई है। दूसरी ओर लखनऊ की यह लगातार तीसरी हार है।
लखनऊ ने किया बड़ा बदलाव
लखनऊ के सामने 255 रन का पहाड़ जैसा स्कोर था। ऐसे में टीम मैनेजमेंट ने ओपनिंग जोड़ी में बदलाव किया। मिचेल मार्श के साथ एडेन मार्कराम नहीं आयुष बडोनी मैदान में उतरे। मार्श और बडोनी के बीच 36 गेंदों पर 61 रन की ओपनिंग पार्टनरशिप हुई। पावरप्ले की आखिरी गेंद पर बडोनी (35) कैच आउट हुए।
इसके बाद कप्तान ऋषभ पंत ने मार्श के साथ रन गति को बढ़ाना शुरू किया। दोनों ने मिलकर 31 गेंदों पर 48 रन जोड़ भी लिए थे। इसके बाद लखनऊ को 2 बड़े झटके लगे। अर्शदीप सिंह ने 13वें ओवर में पंत (43) को और 16वें ओवर में मार्को यानसेन ने निकोलस पूरन (9) पवेलियन भेज दिया। फिफ्टी की ओर बढ़ रहे एडेन मार्कराम (42) आखिरी ओवर में अपना विकेट गंवा बैठे।
पंजाब ने चुनी बल्लेबाजी
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत अच्छी रही और पावरप्ले में टीम ने एक विकेट पर 63 रन बना लिए थे। प्रभसिमरन सिंह का खाता नहीं खुला। इसके बाद मध्य ओवरों में आर्य और कोनोली ने लखनऊ के गेंदबाजों पर पूरी तरह दबाव बना दिया और सातवें से 11वें ओवर के बीच 66 रन जोड़े।
प्रियांश ने बेहद आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए तेज गति से रन बनाए। उन्होंने फुल लेंथ गेंदों को मैदान के बीचोंबीच और कवर के ऊपर से शानदार शॉट्स में बदला, जबकि छोटी गेंदों पर पुल और हुक शॉट खेलकर गेंदबाजों को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया।
19 गेंदों पर लगाया अर्धशतक
दूसरी ओर कोनोली ने भी अपने अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए लांग ऑफ और मिडविकेट की दिशा में शानदार छक्के जड़े। प्रियांश ने केवल 19 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया, जबकि कोनोली ने 35 गेंदों में अपना पचासा लगाया और बाद में तेजी से रन बटोरे। हालांकि दोनों बल्लेबाज शतक के करीब पहुंचकर आउट हो गए। प्रियांश 10वां छक्का लगाने के प्रयास में बाउंड्री पर कैच आउट हुए, जबकि कोनोली भी जल्द ही पवेलियन लौट गए।
182 रन की साझेदारी हुई
दिल्ली के 24 वर्षीय प्रियांश ने सिर्फ 37 गेंदों में 93 रन की धमाकेदार पारी खेली। उन्होंने अपनी इस पारी में 9 छक्के और कई आकर्षक चौके लगाए। दूसरी ओर कोनोली ने 45 गेंदों पर 87 रन बनाकर उनका बेहतरीन साथ निभाया। दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर सिर्फ 80 गेंदों में 182 रन की साझेदारी की, जिसमें कुल 16 छक्के और 12 चौके शामिल रहे।
आईपीएल में पंजाब के लिए 150 से अधिक साझेदारी
- 206 - एडम गिलक्रिस्ट और शॉन मार्श बनाम आरसीबी, धर्मशाला, 2011
- 183 - केएल राहुल और मयंक अग्रवाल बनाम राजस्थान, शारजाह, 2020
- 182 - प्रियांश आर्य और कूपर कोनोली बनाम लखनऊ, मुल्लांपुर, 2026
अय्यर का नहीं चला बल्ला
कप्तान श्रेयस अय्यर का बल्ला नहीं चला और वह 5 रन ही बना सके। मार्कस स्टोइनिस ने 29, नेहल वढेरा ने 13 और शंशाक सिंह ने 17 रन की पारी खेली। प्रिंस यादव और मणिमारन सिद्धार्थ को 2-2 सफलताएं मिलीं। वहीं मोहम्मद शमी और मोहसिन खान के खाते में 1-1 विकेट आया।
डीआरएस न लेना पड़ा भारी
लखनऊ की ओर से प्रिंस यादव ने सबसे किफायती गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 25 रन देकर दो विकेट लिए। उनके अलावा अन्य गेंदबाज पंजाब के बल्लेबाजों के सामने बेअसर नजर आए। लखनऊ के कप्तान ऋषभ पंत के लिए यह मुकाबला निराशाजनक रहा। शुरुआती ओवरों में डीआरएस नहीं लेने का फैसला टीम पर भारी पड़ा, क्योंकि कोनोली को जीवनदान मिला और उन्होंने इसका पूरा फायदा उठाया।
पंजाब ने लगाए 21 छक्के
पंजाब के बल्लेबाजों ने इस मैच में बेखौफ बल्लेबाजी की। टीम ने इस मैच में 21 छक्के जड़ दिए जोकि इस सीजन एक पारी में सर्वाधिक छक्कों का रिकार्ड भी है। पंजाब किंग्स के लिए प्रियांश आर्या ने नौ, कोनोली ने सात और स्टायनिस व शशांक सिंह ने दो-दो छक्के जड़े। आईपीएल की एक पारी में सर्वाधिक छक्के जड़ने का रिकार्ड भी पंजाब के नाम ही है। पंजाब ने 2024 में केकेआर के विरुद्ध एक पारी में 24 छक्के लगाए थे।
आईपीएल की एक पारी में सबसे अधिक छक्के
- 24 - पंजाब बनाम केकेआर, कोलकाता, 2024
- 22 - हैदराबाद बनाम आरसीबी, बेंगलुरु, 2024
- 22 - हैदराबाद बनाम डीसी, दिल्ली, 2024
- 21 - आरसीबी बनाम पुणे, बेंगलुरु, 2013
- 21 - पंजाब बनाम लखनऊ, मुल्लंनपुर, 2026
पंजाब का सर्वोच्च पारी स्कोर
- 262/2 बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स, कोलकाता, 2024
- 254/6 बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स, मुल्लंनपुर, 2026
- 245/6 बनाम सनराइजर्स हैदराबाद, हैदराबाद, 2025
- 243/5 बनाम गुजरात टाइटंस, अहमदाबाद, 2025
- 236/5 बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स, धर्मशाला, 2025