नई दिल्ली। सनराइजर्स हैदराबाद के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा (59) की 15 गेंदों पर फिफ्टी और हेनरिक क्लासेन की 59 रनों की पारी की बदौलत सनराइजर्स हैदराबाद ने शनिवार को खेले गए आईपीएल 2026 के 27वें मैच में चेन्नई सुपर किंग्स को 195 रन का टारगेट दिया। हालांकि, चेन्नई टीम निर्धारित ओवर में 8 विकेट खोकर 184 रन ही बना सकी। हैदराबाद ने 10 रन से यह मैच अपने नाम किया। हैदराबाद की मौजूदा सीजन यह तीसरी जीत है।
संजू सैमसन सस्ते में आउट
195 रन चेज करने उतरी चेन्नई की शुरुआत खराब रही और इन फॉर्म संजू सैमसन दूसरे ही ओवर की पहली गेंद पर हेनरिक क्लासेन को कैच थमा बैठे। संजू ने 1 सिक्स की बदौलत 3 गेंदों पर 7 रन बनाए। 3 नंबर पर उतरे इम्पैक्ट प्लेयर आयुष म्हात्रे ने इम्पैक्टफुल पारी खेली। उन्होंने कप्तान ऋतुराज के साथ मिलकर रन गति को तेजी से बढ़ाया।
2 बड़े झटके लगे
तीसरा ओवर करने आए प्रफुल्ल हिंगे को आयुष ने आड़े हाथों लिया और 4 चौकों के साथ 1 सिक्स लगाया। हालांकि, इसके बाद चेन्नई को 2 बड़े झटके लगे। तकलीफ में नजर आ रहे आयुष (30) 5वें ओवर में कैच आउट हो गए। पावरप्ले के आखिरी ओवर में ऋतुराज गायकवाड़ (19) भी पवेलियन लौट गए। 2 सेट बल्लेबाजों के जाने के बाद चेन्नई की रन गति धीमी हुई, लेकिन मैथ्यू शॉर्ट और सरफराज खान ने साझेदारी को बुनना शुरू किया।
दोनों के बीच 46 रन की साझेदारी हो गई थी। ईशान मलिंगा ने इस पार्टनरशिप को तोड़ा और सरफराज को नीतीश के हाथों कैच आउट कराया। सेट हो चुके सरफराज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे और उन्होंने 19 गेंदों पर 25 रन बनाए। अगले ही ओवर में डेवाल्ड ब्रेविस डक पर आउट हुए।
जीत की उम्मीद को लगा झटका
16वें और 17वें ओवर में मैथ्यू शॉर्ट (34) और शिवम दुबे (21) अपना विकेट गंवा बैठे। ऐसे में चेन्नई को 3 ओवर में 40 रन की जरूरत थी। ईशान मलिंगा के 18वें ओवर में 10 रन बनाए। नीतीश रेड्डी में 19वें ओवर में 12 रन दिए। 3 ओवर में 54 रन देने वाले प्रफुल्ल हिंगे ने आखिरी ओवर किया।
चेन्नई को जीत के लिए 18 रनों की दरकार थी। हालांकि, उन्होंने पिछले 3 ओवर को भुलाकर राउंड द विकेट से सटीक गेंदबाजी की। उन्होंने सभी गेंद जड़ में की। तीसरी गेंद नो बॉल हुई, लेकिन चेन्नई इसका फायदा नहीं उठा पाई। चौथी गेंद पर ओवर्टन का विकेट मिल गया। आखिरी 2 गेंद पर हिंगे ने 2 रन दिए और चेन्नई की हार तय कर दी।
हैदराबाद की ओर से ईशान मलिंगा ने 3 विकेट अपने नाम किए। वहीं नीतीश रेड्डी ने भी 2 सफलताएं प्राप्त कीं। हिंगे, शाकिब हुसैन और शिवांग कुमार को भी 1-1 सफलता मिली।
अभिषेक ने 15 गेंदों पर ठोकी फिफ्टी
इससे पहले चेन्नई के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। शुरुआती ओवरों में यह निर्णय गलत साबित होता दिखा जब अभिषेक शर्मा ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 15 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर लिया। उन्होंने 22 गेंदों पर 59 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिससे सनराइजर्स ने पावरप्ले में तेज शुरुआत की। लेकिन पावरप्ले के अंतिम क्षणों में मैच ने करवट ली।
ईशान का नहीं खुला खाता
बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मुकेश चौधरी ने लगातार दो गेंदों पर ट्रेविस हेड (23) और कप्तान ईशान किशन (0) को आउट कर दिया। इसके बाद मध्य ओवरों में सनराइजर्स के बल्लेबाज संघर्ष करते नजर आए। हेनरिक क्लासेन (39 गेंदों पर 59 रन) ने जरूर जिम्मेदारी निभाई और एक छोर संभालते हुए टीम को 200 के करीब पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरते रहे।
चेन्नई के लिए जेमी ओवरटन (3/37) और अंशुल कंबोज (3/22) ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए सनराइजर्स की कमर तोड़ दी। दोनों गेंदबाजों ने मध्य और अंतिम ओवरों में सटीक लाइन-लेंथ के साथ बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया।
गेंदबाजों ने कसा शिकंजा
एक समय लग रहा था कि टीम 220 से अधिक का स्कोर बना सकती है, लेकिन अगले कुछ ओवरों में चार विकेट गिरने से उनकी लय पूरी तरह टूट गई। 10 ओवर के बाद चार विकेट पर 112 रन हो गया, जिससे टीम बैकफुट पर चली गई। इस मैच का एक अहम मोड़ तब आया जब जेमी ओवरटन की शार्ट गेंद पर अभिषेक के विरुद्ध रिव्यू लिया गया, जो सफल रहा और उनकी पारी का अंत हुआ।
इसके बाद सनराइजर्स की रनगति पर पूरी तरह ब्रेक लग गया। कंबोज ने राउंड द विकेट आकर तेज वाइड यॉर्कर से बल्लेबाजों को परेशान किया और इसी तरह की गेंद पर क्लासेन का विकेट भी हासिल किया। वहीं गुरजपनीत सिंह ने भी कसी हुई गेंदबाजी करते हुए 12 डाट गेंद डालीं। अंतिम पांच ओवरों में सनराइजर्स की टीम केवल 40 रन ही जोड़ सकी, जिससे यह साफ हो गया कि चेन्नई के गेंदबाजों ने डेथ ओवर्स में पूरी तरह मैच पर पकड़ बना ली थी।
सनराइजर्स के लिए सबसे तेज अर्धशतक
- 15 गेंद: अभिषेक शर्मा, बनाम चेन्नई- हैदराबाद, 2026
- 16 गेंद: अभिषेक शर्मा, बनाम मुंबई इंडियंस- हैदराबाद, 2024
- 16 गेंद: ट्रेविस हेड, बनामदिल्ली कैपिटल्स- दिल्ली, 2024
- 16 गेंद: ट्रेविस हेड, बनाम लखनऊ- हैदराबाद, 2024
आईपीएल में सबसे तेज 2000 रन
- 1120 गेंद: आंद्रे रसेल
- 1193 गेंद: अभिषेक शर्मा
- 1198 गेंद: निकोलस पूरन
- 1211 गेंद: वीरेंद्र सहवाग
- 1251 गेंद: क्रिस गेल