चाकसू में प्रतिभाओं का सम्मान: चम्पेश्वर महादेव मंदिर समिति ने मेधावी विद्यार्थियों का किया भव्य अभिनंदन

चाकसू में प्रतिभाओं का सम्मान: चम्पेश्वर महादेव मंदिर समिति ने मेधावी विद्यार्थियों का किया भव्य अभिनंदन

चाकसू (लोकेश कुमार गुप्ता)। कस्बे में स्थित चम्पेश्वर महादेव मंदिर समिति ट्रस्ट द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में दसवीं एवं बारहवीं बोर्ड परीक्षाओं में अच्छे अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मंदिर समिति ट्रस्ट अध्यक्ष रामकिशोर सोनी की तरफ से नगद राशि एवं सदस्य धर्म राज शर्मा की तरफ से पारितोषिक देकर तिलक लगाकर माला व दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया गया। समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना तथा समाज में शिक्षा के महत्व को बढ़ावा देना रहा।समिति के अध्यक्ष रामकिशोर सोनी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने से ही सफलता प्राप्त होती है। 
उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने माता-पिता, गुरुजनों और समाज का नाम रोशन करें तथा उच्च शिक्षा प्राप्त कर देश सेवा में योगदान दें। इस दौरान उन्होंने अपने जीवन का उदाहरण देते हुए बताया कि उन्होंने स्वयं पढ़ाई पर अधिक ध्यान नहीं दिया, लेकिन अपने बच्चों और पोते-पोतियों को शिक्षा के महत्व को समझाते हुए आगे बढ़ाया। आज उनके परिवार के सदस्य चिकित्सा क्षेत्र में कार्यरत होकर समाज की सेवा कर रहे हैं, जो उनके लिए गर्व की बात है।कार्यक्रम में लक्ष्य शर्मा ने 10वीं बोर्ड में 81.33 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर सम्मान प्राप्त किया, वहीं शिवांगी शर्मा ने 96.33 प्रतिशत अंक हासिल कर विशेष उपलब्धि दर्ज की। बारहवीं विज्ञान वर्ग में विशेष शर्मा ने 80 प्रतिशत एवं चारुल शर्मा ने 87.33 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। 
सभी मेधावी विद्यार्थियों को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया, जिससे उनके परिजनों में भी हर्ष का माहौल देखा गया।सम्मान प्राप्त करने के बाद लक्ष्य शर्मा ने समिति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह आगे और अधिक मेहनत कर उच्च शिक्षा प्राप्त करेगा तथा मेडिकल प्रवेश परीक्षा (नीट) की तैयारी कर अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन करेगा। वहीं धर्मराज शर्मा ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पढ़ाई के प्रति समर्पण और अनुशासन ही सफलता की कुंजी है।
कार्यक्रम का मंच संचालन मीडिया प्रभारी निधि जैन ने कुशलतापूर्वक किया। उन्होंने पूरे कार्यक्रम को व्यवस्थित ढंग से संचालित करते हुए सभी अतिथियों एवं विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। चम्पेश्वर महादेव मंदिर महिला मंडल के सभी सदस्यों के द्वारा बच्चों का अभिनंदन किया इस अवसर पर समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य भी उपस्थित रहे, जिनमें अध्यक्ष रामकिशोर सोनी, सचिव दिनेश शर्मा, कोषाध्यक्ष मीठालाल शर्मा, व्यवस्थापक गजानंद शर्मा, धर्मराज शर्मा एवं महिला मंडल प्रमुख निधि जैन सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
 

1 hour, 52 minutes ago जयपुर आसपास