Dainik Samrat Logo
🔗
💬 WhatsApp 📘 Facebook 🐦 Twitter
14 मई 2026
Epaper

बस्सी का कचरा डम्पिंग यार्ड बना मृत गायों का हब, गंदगी और दुर्गंध से आमजन परेशान

बस्सी का कचरा डम्पिंग यार्ड बना मृत गायों का हब, गंदगी और दुर्गंध से आमजन परेशान
बस्सी का कचरा डम्पिंग यार्ड बना मृत गायों का हब, गंदगी और दुर्गंध से आमजन परेशान

गौ हत्या रोकथाम पर नगर पालिका प्रशासन नहीं दे रहा ध्यान
दैनिक सम्राट संवाददाता
बस्सी (डीसी बेनिवाल)।
हाल ही में कुछ दिनों पहले प्रदेश में गौ भक्तों और विभिन्न संगठनों ने गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने और गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर एसडीएम, मुख्यमंत्री से लेकर राष्ट्रपति, राज्यपाल तक को ज्ञापन दिया गया। जो मामला कागजी कार्रवाई तक शांत हो गया। धरातल पर देखा जाए तो बस्सी शहर में रिको औद्योगिक क्षेत्र में नगरपालिका द्वारा बनाया गया कचरा डम्पिंग यार्ड मृत गायों के लिए बड़ा खतरा बन गया हैं। यहां प्लास्टिक और जहरीला कचरा खाने से लगातार गौवंश की मौत हो रही है, जिससे दुर्गंध और संक्रमण फैलने से स्थानीय लोग एंव यहां से गुजरने वाले राहगीर काफी परेशान हैं। खुले डंपिंग यार्ड में अव्यवस्थाओं और कचरे के कारण हर दिन 5 से 10 गायों की मौत हो रही है। नगर पालिका प्रशासन मृत गायों का सम्मानजनक अंतिम संस्कार करने के बजाय उन्हें लावारिस डंपिंग यार्ड में फेंक रहा है।
कचरा डम्पिगं यार्ड में मौके पर ही दम तोड़ रहे गोवंश: बस्सी रिको एरिया के कचरा डम्पिंग यार्ड में हर दिन बड़ी मात्रा में प्लास्टिक और औद्योगिक कचरा डाला जा रहा है, जिसे खाकर गायें बीमार हो रही हैं, जो मौके पर ही दम तोड़ रही हैं। मृत गायों के शव क्षत-विक्षत तरीके से खुले में पड़े रहने और डम्पिंग यार्ड में ही दबे रहने से भयानक दुर्गंध फैल रही है, जिससे निवासियों का जीना दूभर हो गया है और बीमारी का खतरा बढ़ गया है। मरे हुए गोवंश को ठिकाने लगाने के लिए शायद बस्सी नगरपालिका के पास कोई ठोस व्यवस्थित प्रणाली नहीं होने से यह पर्यावरण के लिए खतरा बन गया है। जिससे यह स्थान मरे हुए गोवंशो का हब बन गया है। 
समस्या और समाधान: डंपिंग यार्ड की तारबंदी की जाएं। कचरा निस्तारण की उचित व्यवस्था होनी चाहिए। मृत गायों का सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार होना चाहिए।
इनका कहना है
मामला मेरी जानकारी में नहीं था। मुझे मामले की जानकारी मिली है जल्द ही रिको कचरा डंपिंग यार्ड पर तारबंदी कराई जाएगी। साथ ही मृत गोवंशो का सम्मान पूर्वक अंतिम संस्कार किया जाएगा।
-दुर्गा शंकर मौर्य, अधिशाषी अधिकारी, नगर पालिका बस्सी