Dainik Samrat Logo
🔗
💬 WhatsApp 📘 Facebook 🐦 Twitter
14 मई 2026
Epaper

ग्राम विकास चैपाल कार्यक्रम: प्रदेश में युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के भरपूर अवसर: मुख्यमंत्री

ग्राम विकास चैपाल कार्यक्रम: प्रदेश में युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के भरपूर अवसर: मुख्यमंत्री
ग्राम विकास चैपाल कार्यक्रम: प्रदेश में युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के भरपूर अवसर: मुख्यमंत्री

दैनिक सम्राट संवाददाता
जयपुर।  
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को पुष्कर के कड़ैल में ग्राम विकास चैपाल कार्यक्रम में किसानों एवं युवाओं से संवाद किया। उन्होंने कहा कि किसान परंपरागत खेती से आगे बढक़र आधुनिक एवं जैविक खेती को अपनाएं, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो। वहीं, पशुपालन भी किसान की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाता है। उन्होंने कहा कि कृषि, डेयरी और सहकारिता क्षेत्र की मजबूती से हमारे गांव समृद्ध बनेंगे।  
उन्होंने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार किसानों को सम्मान निधि दे रही है। गेहूं खरीद पर 150 रुपये का बोनस भी दिया जा रहा है। प्रदेश में पशुपालकों को गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना एवं मंगला पशु बीमा योजना का लाभ मिल रहा है। पशुओं के इलाज के लिए मोबाइल यूनिट वैन की सुविधा उपलब्ध करवाई है। प्रदेश में दूध संकलन केन्द्रों की संख्या में वृद्धि की जा रही है। मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादक संबल योजना में 5 रुपए प्रति लीटर का अनुदान दिया जा रहा है। 
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ उठाकर आधुनिक खेती करें। हमारी सरकार कृषकों के लिए 23 से 25 मई तक ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट का आयोजन करने जा रही है। राज्य सरकार प्रदेश में सहकारिता को मजबूत बना रही है। नए पैक्स खोले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान के जरिए जल संरक्षण की दिशा में ग्रामीण क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किया जा रहा है।  
उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में बदलावों को अपनाना बेहद जरूरी है। इसलिए स्थानीय क्षेत्र की पैदावार के अनुसार ही प्रोसेसिंग यूनिट लगाने से किसान की आर्थिक स्थिति मजबूत बनेगी। किसानों को खेती के साथ ही फलदार वृक्ष लगाकर अपनी आमदनी में वृद्धि करनी चाहिए। साथ ही, इससे पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी। 
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों में हर वर्ग के विकास से ही खुशहाली आएगी। युवाओं को स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के लिए हमारी सरकार ऋण उपलब्ध करवा रही है। राइजिंग राजस्थान के एमओयू धरातल पर उतर रहे हैं। जिससे युवाओं को रोजगार मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्याज भंडारण के लिए हमारी सरकार अनुदान दे रही है। जिसका लाभ उठाकर फसल की अच्छी कीमत प्राप्त की जा सकती है। 
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार पारदर्शी भर्ती परीक्षाएं आयोजित कर रही है। कड़ैल गांव के ही 13 युवाओं को सरकारी पदों पर नियुक्तियां मिली हैं। वहीं, कुशल चैधरी ने आरएएस भर्ती परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त इस गांव का नाम रोशन किया है। मुख्यमंत्री ने कबड्डी खिलाड़ी विजय सिंह को पदक जीतने पर बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के पश्चात कड़ैल गांव के निवासी लादू मेघवाल के घर भोजन किया और उनके परिजनों से आत्मीय मुलाकात की।  
इस अवसर पर केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चैधरी, जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत, राज्य किसान आयोग अध्यक्ष सी.आर. चैधरी, राजस्थान धरोहर प्राधिकरण अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत, विधायक अनिता भदेल, रामस्वरूप लांबा, शंकर सिंह रावत सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

प्रदेश में 17.5 लाख महिलाएं लखपति दीदी बनी: मुख्यमंत्री
पुष्कर के कड़ैल में ग्राम विकास चैपाल कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजीविका से जुड़ी महिलाओं से संवाद किया। उन्होंने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से समक्ष बनाने के लिए काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तीकरण के विभिन्न कार्य हो रहे हैं। जिसमें घर-घर शौचालय का निर्माण, उज्ज्वला योजना के तहत गैस सिलेंडर वितरण, हर घर नल से जल और जन-धन खाते खुलवाकर योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाना शामिल है। 
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने महिलाओं के लिए मा वाउचर योजना शुरू की है। बालिकाओं को साइकिल व स्कूटी वितरण किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने लखपति दीदी योजना प्रारंभ की। जिसमें महिलाएं कृषि सखी, बैंक सखी, पशु सखी, ड्रोन दीदी जैसी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। राजीविका के माध्यम से प्रदेश में 17.5 लाख महिलाएं लखपति दीदी बनी हैं। हमारी सरकार महिलाओं को टेबलेट वितरण भी कर रही है। 
मुख्यमंत्री ने कहा कि लखपति दीदी योजना में महिलाओं को मिलने वाले ऋण की सीमा को 1 लाख से बढ़ाकर डेढ़ लाख रुपये किया गया है। वहीं, ब्याज को 2.5 प्रतिशत से घटाकर 1.5 प्रतिशत किया है। राज्य सरकार निरंतर भर्तियां भी निकाल रही है। साथ ही, स्वरोजगार करने वाले युवाओं को बिना ब्याज के लोन भी उपलब्ध करवा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने महिला नेतृत्व की दिशा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के जरिए लोकसभा और विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण की मजबूत पहल की। इससे पहले कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ग्राम विकास रथ एवं कला जत्थों का अवलोकन किया। 
इस अवसर पर कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चैधरी, जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत, राज्य किसान आयोग अध्यक्ष सी.आर. चैधरी, राजस्थान धरोहर प्राधिकरण अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत, विधायक अनिता भदेल, रामस्वरूप लांबा, शंकर सिंह रावत सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।