जमवाय माता की नगरी में कार्यकर्ताओं संग ‘मन की बात’ सुनी मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने

जमवाय माता की नगरी में कार्यकर्ताओं संग ‘मन की बात’ सुनी मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने

सरकार के तीन बजट गांव, गरीब, किसान, महिला व युवाओ को समर्पित: शर्मा 

जमवारामगढ़ (अंकिता शर्मा)। जमवाय माता की नगरी जमवारामगढ़ में रविवार को मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का 132वां एपिसोड आमजन और कार्यकर्ताओं के साथ पीएम श्री विद्यालय में सुना। इस दौरान मुख्यमंत्री ने करीब 19 मिनट का संबोधन दिया, जिसमें 12 मिनट गांव, गरीब, युवा, किसान और महिलाओं के विकास पर केंद्रित रहे, जबकि करीब 5 मिनट विपक्ष पर तीखे हमलों में बीते। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने उत्साह का माहौल बना दिया। करीब 2000 कुर्सियों की व्यवस्था के बावजूद अधिक संख्या में लोग पहुंचे और कई लोगों ने खड़े होकर ही कार्यक्रम सुना।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ कार्यक्रम की ‘132वीं कड़ी’ में देशवासियों को संबोधित किया। मन की बात के इस संस्करण में प्रधानमंत्री ने सोलर पम्प से आए सकारात्मक बदलाव का जिक्र करते हुए कहा कि जयपुर के किसान मुरलीधर पहले खेती के लिए डीजल पम्प पर निर्भर थे, जो काफी महंगा पड़ता था। अब उन्होंने सोलर पम्प अपनाकर ईंधन की चिंता से मुक्ति पाई है और समय पर सिंचाई होने से उनकी सालाना आय भी बढ़ गई है।  
इस दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विगत एक दशक से अधिक समय में देश का सामथ्र्य बढ़ा है। फिलहाल मध्य पूर्व क्षेत्र में चल रहे घटनाक्रम से उत्पन्न वैश्विक संकट के बीच देश की ईंधन आवश्यकताओं को सुरक्षित एवं संतुलित बनाने के लिए जरूरी कदम भी उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि हमारा देश मौजूदा परिस्थितियों का एकजुटता से मुकाबला कर रहा है। सभी आमजन जागरूक रहें और अफवाहों के बहकावे में ना आएं।
विपक्ष पर जमकर कसे तंज
मुख्यमंत्री ने बिना नाम लिए विपक्ष पर निशाना साधते हुए भ्रष्टाचार, पेपर लीक, घोटालों और जेल तक पहुंचे मंत्रियों-अधिकारियों का जिक्र किया। उन्होंने कहा, बार-बार अपने बेटों को लॉन्च किया, फिर भी ढाक के तीन पात। साथ ही 5 साल बनाम 2 साल का हवाला देते हुए अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।
युवाओं को रोजगार का भरोसा युवाओं को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने 1 लाख से अधिक नौकरियां दी हैं और 1.35 लाख भर्तियां प्रक्रियाधीन हैं। ‘राइजिंग राजस्थान’ के तहत बड़े निवेश समझौते हुए हैं, जिनसे निजी क्षेत्र में 3 लाख से अधिक रोजगार सृजित हुए हैं। युवाओं को 50 लाख से 1 करोड़ रुपये तक का ऋण देकर उद्योग स्थापित करने के अवसर भी दिए जा रहे हैं।कार्यक्रम को जयपुर ग्रामीण सांसद राव राजेंद्र सिंह,विधायक मह़ेंद्र पाल मीना ने संबोधित किया। कार्यक्रम में विराटनगर विधायक कुलदीप धनकड़, प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगडी, भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेश बादलीवाल, लक्ष्मीकान्त पाराशर, भाजपा जयपुर देहात पूर्व उपाध्यक्ष जगदीश नोनपुरा,जिला मंत्री राजेंद्र शर्मा,भाजपा पश्चिम मंडल अध्यक्ष बाबूलाल खटाणा,जिला सोशल मीडिया प्रभारी सीताराम छापोला, भाजपा जिला महामंत्री मोहन लाल वर्मा भी  मौजूद थे। 
किसानों के लिए योजनाएं
मुख्यमंत्री ने किसानों को बिना ब्याज ऋण उपलब्ध कराने और जल संकट समाधान की दिशा में रामजल सेतु लिंक परियोजना,यमुना समझौता और नर्मदा परियोजना जैसी योजनाओं का जिक्र करते हुए प्रदेश में पानी की कमी दूर करने का दावा किया।
महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर 
महिलाओं के लिए चलाई जा रही योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि 20 लाख से अधिक महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ प्रशिक्षण दिया गया है, जिनमें से 16 लाख महिलाएं लाभान्वित हो चुकी हैं। छात्राओं को नि:शुल्क शिक्षा, किताबें, साइकिल और स्कूटी जैसी सुविधाएं भी दी जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के तीनों बजट गांव, गरीब,युवा,महिला और किसान के हित में रहे हैं और संकल्प पत्र के हर वादे को पूरा किया जाएगा।
विधायक की मांग पर तत्काल मंजूरी
कार्यक्रम में जमवारामगढ़ विधायक महेंद्र पाल मीना ने मुख्यमंत्री को विकास पुरुष बताते हुए क्षेत्र में कराए गए कार्यों के लिए आभार जताया। उन्होंने पीएम श्री विद्यालय में साइंस क्लब की मांग रखी, जिसे मुख्यमंत्री ने मंच से ही मंजूर कर दिया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत अधिक से अधिक पौधारोपण करने का आह्वान किया।
विधायक ने दिलायी रामगढ़ बांध की याद 
कार्यक्रम में विधायक महेंद्र पाल मीना ने मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा को 5 जून 2025 को रामगढ़ बांध जीर्णोद्धार कार्यक्रम की फोटो स्मृति चिन्ह के रूप में भेंट करके रामगढ़ बांध की याद दिलायी।
 

1 hour, 34 minutes ago जयपुर आसपास