चाकसू में राम जन्मोत्सव पर आस्था का उमड़ा सैलाब, भव्य शोभायात्रा में गूंजे जय श्रीराम के जयकारे
चाकसू (लोकेश कुमार गुप्ता) श्रीराम जन्मोत्सव के पावन अवसर पर रविवार को चाकसू नगरी में आस्था, श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। रामनवमी के उपलक्ष्य में निकाली गई भव्य शोभायात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पूरे नगर में जय श्रीराम और जय सियाराम के जयकारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा। जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया, जिससे पूरा नगर भक्तिमय रंग में रंग गया।रामनवमी के इस विशेष अवसर पर चाकसू नगर को आकर्षक रूप से सजाया गया। गौरव पथ, फागी चौराहा, कोटखावदा मोड़, मुख्य बाजार और तहसील चौराहा सहित प्रमुख स्थानों पर ऊं की पताकाएं और बंदनवार सजाए गए, जो धार्मिक आस्था का प्रतीक बनकर श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहे थे। नगर की सजावट में पूर्व कृषि मंडी अध्यक्ष कैलाश जी बल्लमपुरा वालों का विशेष योगदान रहा, जिनके सौजन्य से यह भव्य सजावट संभव हो सकी।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रात: 9 बजे गणेशपुरी चम्पेश्वर मंदिर प्रांगण में श्रद्धालुओं के एकत्रित होने के साथ हुई। इस दौरान कचौड़ी और जलेबी के प्रसाद की विशेष व्यवस्था शंकर लाल शर्मा (श्यामपुरा) एवं नरपत सिंह राजपुरोहित (जोधपुर मिष्ठान्न भंडार) द्वारा की गई। दोनों का माल्यार्पण एवं दुपट्टा पहनाकर सम्मान भी किया गया।संतों के आशीर्वाद के साथ शोभायात्रा का शुभारंभ चम्पेश्वर महादेव मंदिर से हुआ। शोभायात्रा कोटखावदा मोड़, इंद्रा बाजार, सरकारी गोदाम, तहसील चौराहा, सब्जी मंडी, फांसी मार्केट, बस स्टैंड, पुलिस थाना और नगरपालिका रोड से होते हुए नीलकंठ हनुमान मंदिर पहुंची। शोभायात्रा में संत श्री श्री 108 गणेशपुरी के संत राजेन्द्र पुरी जी महाराज का सानिध्य प्राप्त हुआ, जिनके आशीर्वाद से कार्यक्रम को आध्यात्मिक ऊर्जा मिली। सोलह दुकानों के पास केसर-पिस्ता ठंडाई की व्यवस्था सत्यनारायण खंडेलवाल, जयनारायण अमावता, लाला ओसवाल, सत्यनारायण अग्रवाल, गोविंद अग्रवाल एवं राजाराम यादव के सौजन्य से की गई। वहीं गोदाम क्षेत्र में कोल्ड ड्रिंक्स की व्यवस्था लोकेश टांक द्वारा कराई गई।
तहसील चौराहे स्थित राम मंदिर के पास सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ, आरती और ड्राई फ्रूट प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। यह व्यवस्था गोविंद नारायण खेजड़ी वाले, राजकुमार घीया, भागचंद जैन एवं नवल अग्रवाल द्वारा की गई। इसके अतिरिक्त सब्जी मंडी चौराहे पर मनोज अग्रवाल (मित्रपुरा) की दुकान पर शिकंजी प्रसाद का वितरण श्याम निशान संघ के सहयोग से किया गया। इस दौरान आयोजकों द्वारा सभी सहयोगियों,अतिथियों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया गया। समापन कार्यक्रम की व्यवस्था रामेश्वर मामोडिया के सौजन्य से की गई।आयोजन में श्री राम नवमी महोत्सव समिति, विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल के सभी कार्यकर्ताओं का सहयोग रहा