दैनिक सम्राट संवाददाता
धौलपुर। जिले में निजी स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. धर्म सिंह मीना ने गुरुवार को निजी अस्पतालों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गुप्ता हड्डी हॉस्पिटल, यशोदा हॉस्पिटल एवं मैट्रो हॉस्पिटल में व्यवस्थाओं का जायजा लेकर मरीजों से सीधे संवाद किया तथा चिकित्सकीय सेवाओं की गुणवत्ता की समीक्षा की। गुप्ता हड्डी हॉस्पिटल में मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य (मां) योजना के तहत मरीजों को दिए जा रहे नि:शुल्क उपचार की विस्तार से समीक्षा की गई। वहीं यशोदा हॉस्पिटल एवं मैट्रो हॉस्पिटल में ऑपरेशन करवाने वाले मरीजों का हालचाल पूछते हुए डॉ. मीना ने मौके पर मौजूद चिकित्सकों एवं स्टाफ से ऑपरेशन करने वाली टीम की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डॉ. धर्म सिंह मीना ने बताया कि जिले में राजस्थान से बाहर अन्य राज्यों से पंजीकृत चिकित्सकों के माध्यम से संचालित एवं अनुबंधित कुल 12 अस्पतालों को चिन्हित किया गया है। नियमों की अवहेलना पाए जाने पर श्री बांके बिहारी हॉस्पिटल धौलपुर, दिव्यांशी हॉस्पिटल एवं ट्रॉमा सेंटर जीटी रोड धौलपुर, कलावती हॉस्पिटल सुआ का बाग मनिया, कोटा हॉस्पिटल संत नगर रोड बाड़ी, न्यू कृष्णा हॉस्पिटल धौलपुर, प्रकाश हॉस्पिटल राजाखेड़ा, एस.एन. हॉस्पिटल मनिया, श्री कृष्णा हॉस्पिटल धौलपुर, श्रीजी हॉस्पिटल धौलपुर, सिद्धार्थ सिटी हॉस्पिटल धौलपुर, सी.एस. हॉस्पिटल बसेड़ी एवं शिव नर्सिंग होम मछरिया के पंजीकरण 5 दिवस के लिए निलंबित किए गए हैं।
साथ ही स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि उपचार केवल राजस्थान मेडिकल काउंसिल में पंजीकृत चिकित्सकों द्वारा ही किया जाए। निर्धारित अवधि के बाद भी नियमों की पालना नहीं होने पर संबंधित अस्पतालों के पंजीकरण निरस्त किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि विभागीय जांच प्रक्रियाधीन होने के कारण सर्जन डॉ. अनुराग सिंह से अनुबंधित ग्लोबल हॉस्पिटल एवं मैक्स हॉस्पिटल के पंजीकरण भी निरस्त कर दिए गए हैं। सीएमएचओ डॉ. मीना ने कहा कि मरीजों की सुरक्षा एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी निजी अस्पतालों के औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे तथा मरीजों की जान के साथ खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
नियमों से खिलवाड़ करने वाले 12 अस्पतालों के पंजीकरण निलंबित, निजी अस्पतालों का सीएमएचओ डॉ मीणा ने किया निरीक्षण
नियमों से खिलवाड़ करने वाले 12 अस्पतालों के पंजीकरण निलंबित, निजी अस्पतालों का सीएमएचओ डॉ मीणा ने किया निरीक्षण