Dainik Samrat Logo
🔗
💬 WhatsApp 📘 Facebook 🐦 Twitter
23 मई 2026
Epaper

शौरूम मालिक के अरमान आग में स्वाहा, उदटन से पहले ही राख हुआ सपनों का संसार

शौरूम मालिक के अरमान आग में स्वाहा, उदटन से पहले ही राख हुआ सपनों का संसार
शौरूम मालिक के अरमान आग में स्वाहा, उदटन से पहले ही राख हुआ सपनों का संसार

करीब तीन करोड़ का भारी नुकसान
दैनिक सम्राट संवाददाता
जयपुर
। जामडोली थाना क्षेत्र में गुरुवार तडक़े लगी भीषण आग ने एक कपड़ा व्यवसायी परिवार के वर्षों की मेहनत और सपनों को कुछ ही घंटों में राख में बदल दिया। कानजी नगर स्थित चार मंजिला नव निर्मित कपड़ा शोरूम और गोदाम में लगी आग से करीब तीन करोड़ रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। हादसे ने पूरे परिवार को गहरे आर्थिक संकट में डाल दिया है। 
जानकारी के अनुसार कानजी नगर जामडोली स्थित मैसर्स एसआर क्रिएशन नामक कपड़े के विशाल शोरूम व गौदाम का उद्घाटन दो-तीन दिन बाद शुभ मुहूर्त में होना था। परिवार ने जीवन भर की जमा पूंजी लगाकर आधुनिक चार मंजिला गौदाम व शोरूम तैयार करवाया था। फर्नीचर का काम पूरा हो चुका था और नया स्टॉक भी भर दिया गया था, लेकिन उद्घाटन से पहले ही गुरुवार तडक़े करीब 3:15 बजे शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने पूरे सपनों को निगल लिया।पीडि़त व्यवसायी अशोक कुमार शर्मा पुत्र सीताराम शर्मा ने जामडोली थाने में परिवाद देकर बताया कि 113-सी व 113-डी कानजी नगर जामडोली, आगरा रोड स्थित गोदाम और शोरूम में अचानक आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि कुछ ही देर में चारों मंजिलों में रखा कपड़ों का पूरा स्टॉक, फर्नीचर, स्टील फिटिंग, प्लेट ग्लास और शटर जलकर राख हो गए।परिवार का कहना है कि इस शोरूम को तैयार करने में वर्षों की मेहनत, बचत और उधार तक लगा दिया गया था। परिवार को उम्मीद थी कि नया शोरूम उनके कारोबार को नई पहचान देगा और आने वाली पीढ़ी का भविष्य सुरक्षित करेगा, लेकिन आग ने सब कुछ खत्म कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों ने फायर बिग्रेड को सूचना दी। दमकलें मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। शोरूम के शटर आग की तपिश से लाल हो गए थे और अंदर प्रवेश करना संभव नहीं था। बाद में गेट तोडक़र दमकलकर्मियों ने पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया। सुबह जब पुलिस और फायर बिग्रेड ने परिवार को घटना की सूचना दी तो परिजन मौके पर पहुंचे। वहां का मंजर देखकर परिवार के सदस्य फूट-फूटकर रो पड़े। जिस शोरूम के उद्घाटन की खुशियां मनाने की तैयारी थी, वहां राख और धुएं के अलावा कुछ नहीं बचा था। पीडि़त परिवार ने बताया कि कपड़ों के साथ पूरा फर्नीचर, कांच, स्टील फिटिंग और नया निर्माण भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। अब परिवार के सामने रोजगार और रोजमर्रा के खर्च चलाने का संकट खड़ा हो गया है। पीडि़त व्यवसायी अशोक कुमार शर्मा ने जामडोली थाने में परिवाद देकर मामले की जांच कराने तथा परिवार के भरण-पोषण के लिए उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।