Dainik Samrat Logo
🔗
💬 WhatsApp 📘 Facebook 🐦 Twitter
25 अप्रैल 2026
Epaper

ट्रम्प ने  कहा- होर्मुज हमारे कब्जे में, लेनी होगी हमारी परमिशन

ट्रम्प ने  कहा- होर्मुज हमारे कब्जे में, लेनी होगी हमारी परमिशन
ट्रम्प ने  कहा- होर्मुज हमारे कब्जे में, लेनी होगी हमारी परमिशन

वॉशिंगटन डीसी/तेहरान। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ट्रुथ सोशल पर लिखा कि मैंने अमेरिकी नेवी को आदेश दिया कि होर्मुज में बारूदी सुरंगें (माइन) बिछा रहे छोटे से छोटे जहाजों को बिना हिचकिचाहट तबाह कर दिया जाए।
उन्होंने यह भी बताया कि बारूदी सुरंग हटाने वाले उनके जहाज स्ट्रेट को साफ कर रहे हैं। उन्होंने इस काम को तीन गुना तेजी से करने का आदेश दिया है।
दूसरे पोस्ट में उन्होंने कहा कि होर्मुज स्ट्रेट पूरी तरह अमेरिका के नियंत्रण में है। अमेरिकी नेवी की परमिशन के बिना कोई भी जहाज यहां से निकल नहीं सकता है। जब तक ईरान किसी समझौते पर नहीं आता, तब तक स्ट्रेट पूरी तरह बंद रहेगा।
उन्होंने दावा किया कि ईरान को यह समझने में बहुत मुश्किल हो रही है कि उनका नेता कौन है। ईरान युद्ध में बुरी तरह हार रहा है।
भारत ने नागरिकों को ईरान न जाने की सलाह दी
भारत सरकार ने अपने नागरिकों को ईरान की यात्रा न करने की सलाह दी है। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि मौजूदा हालात को देखते हुए लोगों को हवाई और जमीनी दोनों रास्तों से ईरान जाने से बचना चाहिए।
सरकार ने अपने एडवाइजरी में कहा कि ईरान के लिए सीमित फ्लाइट्स शुरू होने के बावजूद एयरस्पेस प्रतिबंध और ऑपरेशनल अनिश्चितताएं बनी हुई हैं, जो यात्रियों के लिए जोखिम पैदा कर सकती हैं।
विदेश मंत्रालय ने यह भी कहा कि जो भारतीय नागरिक अभी ईरान में हैं, उन्हें जल्द से जल्द देश छोडऩे की सलाह दी गई है। इसके लिए निर्धारित जमीनी मार्गों का इस्तेमाल करने को कहा गया है।
एडवाइजरी में यह भी स्पष्ट किया गया है कि नागरिक किसी भी सीमा पार करने से पहले भारतीय दूतावास के साथ समन्वय जरूर करें, ताकि सुरक्षित तरीके से बाहर निकला जा सके।
मिडिल ईस्ट में अमरिकी नौसेना के 19 जहाज तैनात
इस समय मिडिल ईस्ट में अमेरिकी नौसेना के कुल 19 जहाज तैनात हैं। इनमें दो एयरक्राफ्ट कैरियर शामिल हैं। इसके अलावा, सात जहाज हिंद महासागर में भी मौजूद हैं।
सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, यूएस नेवी ने 13 अप्रैल से ईरानी बंदरगाहों पर नाकेबंदी लागू करना शुरू किया है। अब तक कम से कम 33 जहाजों को डायवर्ट किया जा चुका है। अमेरिकी सेना ने कम से कम तीन जहाजों पर बोर्डिंग की कार्रवाई भी की। जिनमें दो फारस की खाड़ी से करीब 2,000 मील दूर हिंद महासागर में शामिल हैं।
इजराइल बोला- ईरान से युद्ध दोबारा शुरू करने को तैयार
इजराइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने कहा है कि उनका देश ईरान के साथ युद्ध फिर से शुरू करने के लिए तैयार है और अमेरिका से ग्रीन लाइट का इंतजार कर रहा है।
सुरक्षा समीक्षा के बाद जारी बयान में काट्ज ने कहा कि सेना रक्षात्मक और आक्रामक, दोनों तरह के ऑपरेशन के लिए तैयार है और टारगेट्स चिन्हित किए जा चुके हैं।
युद्ध लंबा खिंचने की आशंका से तेल महंगा
मिडिल ईस्ट में युद्ध लंबा चलने की आशंका के बीच तेल की कीमतों में बढ़ोतरी हुई। सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, ब्रेंट क्रूड करीब 1.9 प्रतिशत बढक़र लगभग 104 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया। यह लगातार चौथे दिन बढ़ा। वहीं डब्ल्यूटीआई भी बढक़र करीब 94.6 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
एक्सपट्र्स के मुताबिक अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता न होने से निवेशक अब लंबे संघर्ष और होर्मुज स्ट्रेट के लंबे समय तक बंद रहने की आशंका मान रहे हैं।
इसका असर शेयर बाजारों पर भी पड़ा है। अमेरिका में एसएंडपी 500 और नास्दाक के फ्यूचर्स कमजोर शुरुआत का संकेत दे रहे हैं। यूरोप के बड़े बाजारों में भी गिरावट है, जबकि एशिया में जापान और हांगकांग के बाजार नीचे बंद हुए, वहीं दक्षिण कोरिया का बाजार हल्की बढ़त के साथ बंद हुआ।
भारत ने होर्मुज में अपने नाविकों की सुरक्षा पर चिंता जताई
भारत ने होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों पर फायरिंग की घटनाओं के बाद अपने नाविकों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। पोट्र्स, शिपिंग और जलमार्ग मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव मुकेश मंगल ने गुरुवार को कहा कि जिन दो विदेशी जहाजों पर फायरिंग हुई उनमें 22 भारतीय नाविक सवार थे।
उन्होंने बताया कि इस घटना में कोई भी भारतीय नाविक घायल नहीं हुआ है। संघर्ष शुरू होने के बाद से अब तक कम से कम 2,680 भारतीय नाविकों को सुरक्षित निकाला जा चुका है।