तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले में रविवार को एक पटाखा फैक्ट्री में धमाका हुआ। पुलिस के मुताबिक, हादसे में 23 लोगों की मौत हुई है। 6 घायलों को ICU में भर्ती कराया गया है।
अब तक 19 शवों की पहचान हो चुकी है। इनमें 16 महिलाएं और तीन पुरुष हैं। हादसे के समय फैक्ट्री में 30 मजदूर काम कर रहे थे।
न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, रेस्क्यू के दौरान एक और विस्फोट हुआ। इसमें पुलिस, फायर और रेस्क्यू टीम के 13 लोग घायल हो गए। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शुरुआती जांच में सामने आया कि विस्फोट फैक्ट्री के सामने वाले हिस्से में हुआ, जहां मजदूर बारूद के साथ काम कर रहे थे। प्रशासन ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। निगरानी के लिए एक सीनियर आईएएस अधिकारी को तैनात किया गया है।
हादसे के बाद की 5 तस्वीरें…

विस्फोट में फैक्ट्री के तीन कमरे ढह गए और आसपास की कुछ इमारतों को नुकसान हुआ है।

फैक्ट्री में ब्लास्ट रविवार दोपहर करीब 3 बजे हुआ।

फायर ब्रिगेड की टीम आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही है।

फैक्ट्री में धमाके के बाद दूर से उठता धुआं दिखाई दे रहा था।

कई शव इतनी बुरी तरह जले हैं कि उनकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है।
पीएम मोदी और सीएम स्टालिन ने दुख जताया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने X पर लिखा- जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन ने X पर लिखा- मैं मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। मंत्रियों को तुरंत घटनास्थल पर जाने के लिए कहा है। साथ ही जिला कलेक्टर से बात कर सभी जरूरी सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए।
6 दिन पहले भी धमाके में दो लोगों की मौत हुई थी
इससे पहले 13 अप्रैल को विरुधुनगर सत्तूर के पास सथिरापट्टी इलाके में एक पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट हुआ था। इसमें दो मजदूर की मौत हो गई थी। पांडी नाम के मजदूर की मौके पर झुलसने से मौत हो गई थी। वहीं अस्पताल में इलाज के दौरान करुप्पासामी (33) की मौत हो गई।