Dainik Samrat Logo
🔗
💬 WhatsApp 📘 Facebook 🐦 Twitter
17 मई 2026
Epaper

बेंगलुरु साउथ डिस्ट्रिक्ट में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान का शुभारंभ

बेंगलुरु साउथ डिस्ट्रिक्ट में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान का शुभारंभ
बेंगलुरु साउथ डिस्ट्रिक्ट में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान का शुभारंभ

दैनिक सम्राट संवाददाता
बेंगलुरू (दलपतसिंह भायल)।
बेंगलुरु के रॉयल एशिया रिसॉर्ट में बीजेपी साउथ डिस्ट्रिक्ट द्वारा आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-2026 का उद्घाटन प्रदेश अध्यक्ष बी.वाई. विजयेंद्र ने किया। इस अवसर पर लोकसभा सदस्य डॉ. सी.एन. मंजूनाथ, विधायक एस. सुरेश कुमार, एम. कृष्णप्पा, विधान परिषद सदस्य गोपीनाथ रेड्डी, भाजपा महिला नेता श्रीमती तारानुराधा, साउथ डिस्ट्रिक्ट भाजपा अध्यक्ष एवं विधायक सी.के. राममूर्ति, नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट भाजपा अध्यक्ष एस. हरीश तथा पूर्व बीबीएमपी सदस्य के. उमेश शेट्टी सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। नेताओं ने दीप प्रज्वलित कर भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की तथा प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष बी.वाई. विजयेंद्र ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देशानुसार जिला एवं मंडल स्तर पर प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए जा रहे हैं और यह अभियान सफलतापूर्वक आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के अनुभव, विचार और संगठनात्मक रणनीति साझा करने का महत्वपूर्ण मंच है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सपने को साकार करना ही पार्टी का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में भाजपा कार्यकर्ताओं ने लोगों की सेवा कर मानवता का परिचय दिया तथा सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाई।
विजयेंद्र ने कहा कि भाजपा उन सिद्धांतों पर चलने वाली पार्टी है जो देश पहले की भावना को सर्वोपरि मानती है। उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, अटल बिहारी वाजपेयी, मुरली मनोहर जोशी, लालकृष्ण आडवाणी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योगदान को याद करते हुए कहा कि करोड़ों कार्यकर्ताओं की मेहनत से आज भाजपा 22 राज्यों में सत्ता में है।
उन्होंने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में शासन व्यवस्था विफल हो चुकी है तथा भाजपा कार्यकर्ताओं को परेशान किया जा रहा है। विजयेंद्र ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को और मजबूत बनाने तथा जनता के बीच पार्टी की उपलब्धियों को पहुंचाने का आह्वान किया।