सुरक्षा के मध्यनजर महिलाओं व बालिकाओं को जागरूक करने के साथ ही कोचिंग संस्थान, स्कूल, कॉलेज, पार्क आदि स्थानों पर पुलिसकर्मी साधा कपड़ों में मनचलों पर रख रहे हैं निगरानी
दैनिक सम्राट संवाददाता
धौलपुर। पुलिस मुख्यालय राजस्थान के निर्देशन में 16 अप्रैल 2026 से 30 अप्रैल 2026 तक संचालित राज्यव्यापी विशेष अभियान के क्रम में पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के नेतृत्व व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एडीएफ बाड़ी कमल कुमार जांगिड़ एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिकाऊ प्रकोष्ठ हवा सिंह के सुपरविजन मे धौलपुर पुलिस महिला व बच्चियों की सुरक्षा और जन-जागरूकता की दिशा में कार्य कर रही है। जिले में ऑपरेशन गरिमा के अंतर्गत व्यापक स्तर पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है, इसके अन्तर्गत जिले के सभी थानों की पुलिस टीमें अपने अपने इलाको में महिला व बच्चियों की सुरक्षा व सशक्त बनाने एवं जागरूक करने की दिशा में प्रयासरत हैं। इसी सिलसिले में थानाधिकारी थाना बाड़ी कोतवाली देवेन्द्र शर्मा के निर्देशन में बाड़ी कोतवाली पुलिस ने कोचिंग संस्थान एवं स्कूलों के पास पहुंचकर छात्राओं को नवीन कानूनों की बारीकियों से अवगत कराया और उन्हें आत्मरक्षा के महत्वपूर्ण सिद्धांतों से अवगत कराया गया।
इसके पश्चात पुलिस टीम कस्बे के कुछ परिवारों के बीच पहुंचकर बच्चों को बालश्रम से दूर रख कर अनिवार्य रूप से स्कूल भेजने हेतु समझाइश की। जिले में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मविश्वास को सुदृढ़ करने के ध्येय से समस्त थाना क्षेत्रों में एक साथ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। अभियान के निमित्त गठित विशेष पुलिस टीमे स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थानों, बाजारों, मॉल, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और पार्कों जैसे सार्वजनिक एवं भीड़-भाड़ वाले स्थलों पर सघन चेकिंग और गश्त कर रही है। इस दौरान संदिग्ध अवस्था में घूम रहे व्यक्तियों की पहचान कर उनसे कड़ी पूछताछ कराई जा रही है तथा असामाजिक तत्वों को भविष्य के लिए सख्त चेतावनी दी जा रही है, मनचलों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई भी अमल में लाई जावेगी।
इस अभियान के दौरान महिला पुलिस अधिकारी और कार्मिक छात्राओं व महिलाओं के साथ सीधा संवाद स्थापित कर उन्हें उनके संवैधानिक अधिकारों के प्रति सचेत कर रही है। महिलाओं को महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, 1091 एवं 112 की उपयोगिता, साइबर सुरक्षा, सोशल मीडिया के सुरक्षित प्रयोग तथा स्टॉकिंग एवं छेड़छाड़ जैसी घटनाओं से बचाव के उपायों पर विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है। संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर वहां विशेष निगरानी तंत्र विकसित किया जा रहा है और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की गहन जांच की जा रही है। जिला पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि ऑपरेशन गरिमा एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से महिलाओं की सुरक्षा के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता को दोहराया जा रहा है। उन्होंने समाज के हर वर्ग से अपील की कि महिलाओं के विरुद्ध अपराधों को रोकने में सहभागी बने और किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, अभद्र व्यवहार या संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना नजदीकी थाने या हेल्पलाइन पर दें, ताकि एक सुरक्षित और मर्यादित समाज का निर्माण सुनिश्चित किया जा सके।