Dainik Samrat Logo
🔗
💬 WhatsApp 📘 Facebook 🐦 Twitter
17 मई 2026
Epaper

करौली पुलिस की पेट्रोल-डीजल व पर्यावरण बचाने के लिए अनुकरणीय पहल : सरकारी वाहनों का सीमित उपयोग करेगी खाकी, सार्वजनिक परिवहन अनिवार्य

करौली पुलिस की पेट्रोल-डीजल व पर्यावरण बचाने के लिए अनुकरणीय पहल : सरकारी वाहनों का सीमित उपयोग करेगी खाकी, सार्वजनिक परिवहन अनिवार्य
करौली पुलिस की पेट्रोल-डीजल व पर्यावरण बचाने के लिए अनुकरणीय पहल : सरकारी वाहनों का सीमित उपयोग करेगी खाकी, सार्वजनिक परिवहन अनिवार्य

प्रधानमंत्री की अपील के बाद एसपी लोकेश सोनवाल ने जारी की एडवाइजरी 
दैनिक सम्राट संवाददाता
करौली (ओमप्रकाश सुमन)।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की फ्यूल बचाने की अपील पुलिस तक पहुंच गई है। करौली पुलिस ने पेट्रोल-डीजल की बचत और पर्यावरण संरक्षण के लिए सरकारी वाहनों का उपयोग सीमित करते हुए सार्वजनिक परिवहन को अनिवार्य कर दिया है। इसके लिए जिला पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल में बाकायदा एडवाइजरी जारी की है। खाकी का यह अनोखा कदम जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है।
दरअसल, प्रधानमंत्री द्वारा देशवासियों से की गई पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने की अपील के तुरंत बाद करौली जिले के पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल ने यह सकारात्मक और पर्यावरण अनुकूल कदम उठाया है। जिले के सभी पुलिस थानों, चौकियों, पुलिस लाइन और पुलिस से संबंधित कार्यालयों के लिए 10 सूत्री एडवाइजरी जारी की गई है, जिसमें सरकारी वाहनों के उपयोग को न्यूनतम करने और सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता देने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
एडवाइजरी में स्पष्ट रूप से कहा है कि जिले में राजकीय या निजी कार्यों के लिए थानों के बीच आवागमन, न्यायालय में साक्ष्य देने, डाक वितरण आदि सभी कार्यों के लिए अब निजी या सरकारी वाहनों के बजाय सार्वजनिक चौपहिया वाहनों जैसे बस, टैक्सी आदि, का अनिवार्य उपयोग किया जाएगा। 
करौली पुलिस की एडवाइजरी... 
एसपी द्वारा जारी की गई एडवाइजरी के अनुसार न्यायालय में साक्ष्य देने के लिए सरकारी वाहनों का उपयोग पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा। जिले के बाहर साक्ष्य के लिए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग को प्राथमिकता दी जाएगी।
तामील अब इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से कराई जाएगी
उच्च न्यायालय में तलबी पर रेल या सार्वजनिक परिवहन का ही उपयोग होगा। पुलिस लाइन से डाक लेने के लिए अलग-अलग जवानों को न भेजकर एक ही जवान सभी कार्यालयों का काम करेगा। जबकि केन्द्रीय भंडार से अब सामग्री एक साथ ही लानी होगी।
यह एडवाइजरी एक सप्ताह तक प्रतिदिन रोल कॉल में पढक़र सुनाई जाएगी और सभी थानों के नोटिस बोर्ड पर चस्पा की जाएगी, ताकि हर जवान और पुलिस अधिकारी इसे आत्मसात कर सकें। करौली पुलिस की इस पहल की जिले के विभिन्न संगठनों और पर्यावरण प्रेमियों ने सराहना की है। उम्मीद की जा रही है कि अन्य जिलों की पुलिस इकाइयां भी इस मॉडल को अपनाएंगी।
यह बोले एसपी...
पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल ने कहा, प्रधानमंत्री की अपील को करौली पुलिस गंभीरता से ले रही है। छोटे-छोटे कदम मिलकर बड़ा परिवर्तन ला सकते हैं। हमारा प्रयास है कि बिना काम में बाधा डाले ईंधन की खपत को कम किया जाए और पर्यावरण को संरक्षित किया जाए।